Site icon Youth Ki Awaaz

आज़ाद हिन्द फौज के सैनिकों की बहादुरी को समर्पित फिल्म रागदेश

उग्र राष्ट्रवाद के इस कानफाड़ू दौर में राज्यसभा टेलीविजन ने “राग देश” फिल्म बनाई है जो पिछले 28 जुलाई को रिलीज़ हुई और जल्द ही परदे से उतर भी गई। वैसे तो यह एक इतिहास की फिल्म है लेकिन अपने विषयवस्तु और ट्रीटमेंट की वजह से यह मौजूदा समय को भी संबोधित करती है। यह दक्षिणपंथी राष्ट्रवाद के एकांगी संस्करण के बरक्स उस राष्ट्रवाद के तस्वीर को पेश करती है जो समावेशी, सहनशील और एक दूसरे को बर्दाश्त करने वाला है और इसकी जड़ें भारत की स्वाधीनता आंदोलन में हैं, दुर्भाग्य से आज यह निशाने पर है।

अपनी सीमाओं और दर्शकों की उदासीनता के चलते “राग देश” बॉक्स आफिस पर खास असर नहीं दिखा सकी। लेकिन “राग देश” जैसी फिल्म का बनना और उसका देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होना ही अपने आप में कम महत्वपूर्ण नहीं है। फिल्म में मूल विषयवस्तु देशभक्ति है इसके बावजूद भी यह कोई शोर-शराबे वाली प्रोपेगेंडा फिल्म नहीं है। यह हमारे सामने देशभक्ति और राष्ट्रवाद को बहुत ही सीधे और सरल तरीके से पेश करती है और निष्पक्ष तरीके से इतिहास का पाठ पढ़ाती है।

“राग देश” आज़ाद हिन्द फौज और इसके तीन जाबांज़ अफसरों कर्नल प्रेम सहगल, कर्नल गुरबख्श सिंह ढिल्लन और मेजर जनरल शाह नवाज़ खान के लाल किले में हुए मशहूर ट्रायल की कहानी है। फिल्म के शुरुआत में परदे पर लिखा आता है कि यह फिल्म सत्य घटनाओं पर आधारित है। अफवाहों और सोशल मीडिया पर एंटी सोशल झूट फैलाने वाले इस दौर में यह एक ऐसी फिल्म है जो इतिहास का सबक देती है। फिल्म का निर्देशन तिग्मांशु धुलिया ने किया है। जो इससे पहले हासिल और पान सिंह तोमर जैसी फिल्मों के लिये चर्चित रहे हैं।

हिन्दुस्तान की आज़ादी में लालकिले का प्रतीकात्मक महत्त्व है। 15 अगस्त 1947 को लालकिले पर तिरंगा लहराकर हमने अपनी आज़ादी का ऐलान किया था और पीछे सत्तर सालों से हम यही दोहराते आ रहे हैं। आम हिन्दुस्तानी आज़ाद हिन्द फौज और लालकिले में इसके तीन महानायकों के खिलाफ चलाये गये मुकदमे के बारे में कम ही जानता है।

दरअसल दूसरे विश्व युद्ध के समय अंग्रेज़ सरकार की फौज में शामिल हज़ारों हिन्दुस्तानी सिपाहियों को अंग्रेज़ों ने जापान के सामने हार मानते हुए सरेंडर कर दिया था। बाद में इन्हीं में से बड़ी संख्या में सैनिक आज़ाद हिन्द फौज में शामिल होकर अंग्रेज़ सेना के खिलाफ लड़ें और बाद में पकड़े गए। इन सैनिकों पर इंग्लैंड के राजा के खिलाफ लड़ने का आरोप लगाया गया। कैप्टन शाहनवाज़, कर्नल ढिल्लन और कर्नल प्रेम सहगल ऐसे ही तीन फौजी अफसर थे जिनपर दिल्ली में मुकदमा चलाया गया था जो इतिहास में “रेड फोर्ट ट्रायल” नाम से दर्ज है।

इस मुकदमे की वजह से ही नेता जी की नीतियों और आज़ाद हिन्द फौज की बहादुरी के किस्से देश के कोने –कोने में फैला था। 2 घंटा 17 मिनट की यह फिल्म इतिहास के पन्नों को खोलते हुए इसी कहानी को बयां करती है और साथ में हमें मौजूदा समय के लिए कुछ ज़रूरी सबक भी देती जाती है।

यह अलग–अलग सुरों के राग बनने की भी कहानी है। दरअसल फिल्म के तीनों मुख्य किरदार भारत की विविधता का प्रतिनिधित्व है जिनकी देश’ की एक सामूहिक परिकल्पना है जिसके लिये वे सांझी लड़ाई लड़ते हैं। इनमें एक हिन्दू, दूसरा मुस्लिम और तीसरा सिख है। कर्नल प्रेम सेहगल, मेजर जनरल शाह नवाज़ खान और लेफ्टिनेंट कर्नल गुरबख्श सिंह ढिल्लों की लड़ाई विविधताओं से भरे भारत की सामूहिक लड़ाई है, वे सांझे भविष्य के लिये लड़ते हैं। फिल्म के अंत में एक सीन है जिसमें दिखाया गया है लोगों के हाथ में हरा, भगवा कई तरह के झंड़े है लेकिन इनमें एक झंडा सबसे बड़ा और ऊंचा है, यह तिरंगा है जिसके साए में सभी आस्थायें और विचार फल फूल रहे हैं।

फिल्म में रिसर्च वर्क बेहतरीन है और इसपर मेहनत की गई है, तथ्यों को बहुत बारीकी से समेटा गया है। लेकिन एक फिल्म के लिये सिर्फ जानकारियां ही काफी नहीं है। सिनेमा की अपनी अलग भाषा होती है जो यहां कमज़ोर है। इसके चलते फिल्म कई जगह सुस्त और सपाट नज़र आती है। कहानी को और बेहतर तरीके से कहा जा सकता था। यह एक बेहतरीन फिल्म हो सकती थी अगर इसकी तारतम्यता पर भी ध्यान दिया जाता। इन कमज़ोरियों के बावजूद अपने अनछुए विषय और मिजाज़ की वजह से यह फिल्म देखने लायक है। यह हमें ना सिर्फ इतिहास का सबक देती है बल्कि इतिहास को प्रस्तुत करने और राष्ट्रवाद व देशभक्ति को समझने का नज़रिया भी देती है जो मौजूदा समय में हमारे लिए बड़े काम का हो सकता है।

Exit mobile version