Site icon Youth Ki Awaaz

असली सफलता का पैमाना दूसरे से तुलना नहीं बल्कि आत्मसंतुष्टि होनी चाहिए

सामान्यतः अपने आप को विकास के चरम बिंदु पर ले जाने के लिए हम तुलना शब्द का प्रयोग करते हैं। तुलना करके हम जान पाते हैं कि हमसे कहां गलतियां हुईं और कहां हमने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मेरे अनुसार अगर हमें अपनी तुलना अपने आप से करनी हो तो तुलना करना एक सर्वश्रेष्ठ कदम है। लेकिन बात जब अपनी तुलना दूसरों से करने की आती है तो तुलना की परिभाषा मेरे अनुसार अपना अर्थ खोने लगती है।

ज़्यादातर लोगों ने अपने अभिभावकों से यह ज़रूर सुना होगा कि अमुक के लड़के को देखो, वह कहां-से-कहां पहुंच गया और तुम यहीं पड़े रहना। अच्छी शिक्षा, अच्छी नौकरी और एक अच्छा पारिवारिक जीवन यही सब सफलता के पैमाने बने हुए हैं। अगर कोई व्यक्ति अशिक्षित है या प्रतिष्ठित जॉब नहीं रखता या पारिवारिक जीवन सुखी नहीं है, तो वह लोगों की नज़रों में एक असफल इंसान घोषित हो जाता है जोकि सही पैमाना नहीं है।

यह ज़रूरी नहीं कि प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा में ही रूचि दिखाए। एक खिलाड़ी कम शिक्षित हो सकता है, एक शिक्षित व्यक्ति को खेल में अरुचि हो सकती है, एक पेशेवर इंसान अपने पेशे में सफल हो सकता है, लेकिन दूसरे पेशे में असफल साबित हो सकता है। एक अशिक्षित किसान को कृषि व मौसम की अच्छी जानकारी हो सकती है, एक आदिवासी वन परिवेश को अन्य लोगों की तुलना में अच्छी तरह से समझ सकता है। तो किस आधार पर हमने यह तय कर लिया कि एक शिक्षित होना ही सफलता है।

इसके अलावा प्रतिष्ठित जॉब पाना सराहनीय अवश्य है, लेकिन सफलता का पैमाना नहीं कह सकते हैं। क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति अपना एक अनोखा हुनर रखता है। उस हुनर का वह मास्टर हो सकता है, उस हुनर के सहारे वह प्रतिष्ठित व्यक्ति बन सकता है। इसलिए डॉक्टर, वकील, जज, इंजीनियर, व सिविल सर्वेन्ट बनना ही सफलता का पैमाना नहीं है। सबको अपनी पसंद के क्षेत्र में जाने का अधिकार है और उसको जाना चाहिए। उस पर पाबंदी लगाने का मतलब है कि एक हुनरबाज़ को पैदा होने से पहले ही आपने उसे मार दिया।

तीसरा पैमाना हमने बना रखा है पारिवारिक सबंध का। लेकिन ज़रूरी नहीं प्रत्येक व्यक्ति शादी ही करे। बहुत सी प्रतिष्ठित हस्तियों ने शादी करने को अपनी प्राथमिकता नहीं बनाया। आपने अगर गौर किया हो तो देखा होगा कि अगर आपके  मित्र आपसे मिलने आते हैं तो बातों ही बातों में आपसे यह अवश्य जानने का प्रयास करेंगें कि आप किसी रिलेशनशिप में हैं या नहीं। भारतीयों के बारे में यह कहा भी कही जाती है कि भारतीयों के लिए राजनीति और सेक्स हमेशा से ही प्रिय रहे हैं। इनकी लोकप्रियता का अंदाज़ा किसी भी विषय पर शुरू हुई चर्चा का इन्हीं दो विषयों पर समाप्त होने से लगाया जा सकता है।

कहने का सार यह है कि किसी दूसरे के द्वारा तय किये गए पैमाने पर मिली सफलता, सफलता नहीं है। सफलता वह है जो आपको आत्मसंतुष्टि दे, खुशी दे और आपको विकास के मार्ग पर ले जाए। इसलिए अगर तुलना ही करनी है तो अपनी तुलना अपने आप से करिये, किसी और से नहीं।

तुलना करना दूसरे अर्थो में इसलिए भी गलत है कि हम किसी के बारे में जानते ही कितना हैं। हम उतना ही जानते हैं जितना हम देख सकते हैं।हो सकता है वह व्यक्ति अपनी सफलता से खुश ही ना हो, दवाब में आकर वह उस क्षेत्र में गया हो। तो जब हम जानते ही नहीं हैं, तो तुलना करें ही क्यों? क्या सिर्फ दुखी होने के लिए?

Exit mobile version