Site icon Youth Ki Awaaz

“हिंदी को सर्वाधिक खतरा उसके बौद्धिक जगत में प्रयोग से है”

हिंदी विश्वविद्यालय में पढ़ाने के कारण सितंबर में अनेक ऐसे आयोजनों में शिरकत करने का मौका मिलता है जहां हिंदी की (दु)र्दशा पर चर्चा की जाती है। अक्सर ऐसे आयोजन विद्यालयों, महाविद्यालयों, बैंकों, सरकारी दफ्तरों और अन्य राज्य प्रायोजित संस्थानों में होते हैं। ये संस्थान अपने अनुभव और प्रयोग के आधार पर हिंदी भाषा के बारे में एकपक्षीय निर्णय करते हुए फैसला सुना देते हैं कि भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हिंदी की स्थिति चिंतनीय है।

सवाल है कि क्या यही सच्चाई है? यह सच्चाई केवल सरकारी और अकादमिक हिंदी के लिए सत्य है। लोक और जन भाषा के रूप में हिंदी अपनी स्वाभाविक गति से फलफूल रही है। इस लोक में जहां-जहां सरकारी और अकादमिक अभिजात्य का हस्तक्षेप हो रहा है वहां-वहां हिंदी हिंग्लिश बनती जा रही है।

इन अंग्रेजीदां अभिजात्य से परे हिंदी का समाज आज भी हिंदी के मुहावरे, लोकोक्तियों, स्थानीय गीतों, कविताओं और पहेलियों का रसास्वादन कर रहा है। लोक की यह हिंदी खुद को एक बंद भाषा नहीं मानती है। इसमें नये शब्दों और मुहावरों के समावेश की पूरी गुंजाइश है।

आज भी सांस्कृतिक आयोजनों में सूर का पद , कबीर की बानी, प्रसाद की कामायनी, मैथिलीशरण गुप्त का वीर रस विद्यमान है। 21वीं सदी का बच्चा भी प्रेमचंद्र की ईदगाह से परिचित है। हिंदी में समाज की सच्चाई को बयान करने वाली कृतियां आज भी रची जा रही हैं। टेक्नोक्रेट युवाओं का नया समूह अपनी अनुभूतियों को लोकप्रिय हिंदी रचनाओं में उतार रहा है।

हिंदी के इस समृद्ध लोक का सर्वाधिक लाभ बाज़ार उठा रहा है। टीवी सीरियलों की हिंदी को देखिए। हिंग्लिश की धारा के बदले क्षेत्रीय बोलियों के प्रयोग को जगह बढ़ रही है। ना केवल शब्दों के प्रयोग बल्कि उच्चारण, लहज़े, आकर्षक शीर्षकों में इसका प्रयोग मिल रहा है। विज्ञापनों की पंच लाइनें हिंदी में जम रही हैं।

खेल जैसे-क्रिकेट आदि की कमेंट्री और हिंदी प्रस्तुति के लिए अलग चैनल हैं। हिंदी में ब्लॉग लिखने, ई-माध्यमों या ई-समाचार पत्रों का प्रयोग बढ़ा है। मोबाइल फोन या इस जैसे अन्य उपकरणों के प्रयोग के लिए हिंदी सॉफ्टवेयर बनाए गए हैं।

हिंदी की इस प्रतिष्ठा का कारण सरल शब्दों में विचार संप्रेषण करने, भाव को पिरोने और संवाद को पोषित करने की क्षमता है। इसके विपरीत औपचारिक संस्थानों में हिंदी का प्रयोग जटिल शब्दों द्वारा विचार को बोझिल बनाने और ज्ञान के छद्म कलेवर को फैलाने के लिए किया जाता है।

इसी हिंदी की स्थिति चिंतनीय है। यह हिंदी ‘राजभाषा’ हिंदी है जिसे समझना आम आदमी के लिए वैसे ही मुश्किल है जैसे राज्य की कार्यप्रणाली को समझना। जबकि राष्ट्रभाषा हिंदी गांव से लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ में विद्यमान है। देशज होना हिंदी की आत्मा है। इसे अभिजात्य मार्ग नहीं भाता है। इसी कारण जब हिंदी पर अभिजात्य होने का बोझ पड़ता है उसे लोक में खारिज कर दिया जाता है। लोक को हिंदी की योजक शक्ति सुहाती है। यही शक्ति हिंदी की राष्ट्रीयता की पहचान है।

आज भी हिंदी को सर्वाधिक खतरा उसके बौद्धिक जगत में प्रयोग से है। यहां भाषा की क्लिष्टता को बढ़ाकर विचार पर भाषा की शब्दावली का बोझ बढ़ाया जाता है। स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक और सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को देखिए। आदर्श स्थिति में हमारी सहमति है कि मातृभाषा को शिक्षण का माध्यम बनाया जाए। ऐसी दशा में हिंदी पट्टी में हिंदी शिक्षा का माध्यम होगा। भारत के अन्य क्षेत्रों में यह दूसरी या तीसरी भाषा हो सकती है। वास्तविकता यह है कि हिंदी को शिक्षण के माध्यम के रूप में वही स्वीकारना चाहता है जिसके पास ‘इंग्लिश मीडियम‘ में जाने का विकल्प नहीं है। कई सरकारी स्कूल प्रतिभाशाली बच्चों के लिए ‘इंग्लिश मीडियम‘ में शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराते हैं। ऐसी नीतियां और प्रयोग हिंदी को उपेक्षित और पिछड़ों की भाषा के रूप प्रस्तुत करते हैं। ज़रा सोचिए कि क्या आपने किसी विज्ञापन, पोस्टर या होर्डिंग में सूट-बूट और टाई वाले को हिंदी बोलते देखा या सुना है?

यह सामाजिक प्रस्तुति हिंदी को आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से कमज़ोर सिद्ध करती है। उपेक्षित प्रस्तुति के बावजूद एक बड़ी आबादी हिंदी माध्यम में शिक्षित हो रही है। इस बड़ी आबादी को स्कूलों के बाद पुनः भाषा की समस्या से उलझना पड़ता है। उच्च शिक्षा में अंग्रेज़ी का बोलबाला है। इस मुहावरे को समस्या के रूप में देखा जाता है और अक्सर इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसे प्रोफेशनल कार्यक्रमों को हिंदी में लागू करने का सुझाव दिया जाता है।

मैं इन सुझावों के पक्ष में नहीं हूं क्योंकि ये सुझाव भाषा और विषय को समानार्थी मान लेते हैं। जबकि ऐसा नहीं है। इन विषयों के शब्दकोश का निर्माण करें तो आप पाएंगे कि इन्हें समझने, बोलने और पढ़ने के लिए अधिकतम अंग्रेज़ी के हज़ार शब्द और उसके आधारभूत व्याकरण का ज्ञान आवश्यक है।

इसे प्रयोग द्वारा सीखा जा सकता है। असली समस्या अभ्यास अर्जित दक्षता के प्रयोग द्वारा खुद को औरों से अलग जताने की चेष्टा है। जो मूलतः हिंदी भाषी पृष्ठभूमि से आते हैं और जिन लोगों की पूरी विद्यालयी शिक्षा हिंदी में हुई है वे भी अपनी धौंस जमाने के लिए अंग्रेज़ी के अर्जित हज़ार शब्दों के शब्दकोश का उपयोग करने लगते हैं।

इस समस्या का दूसरा पक्ष है कि अंग्रेज़ी में नकल उतारने में सुविधा होती है। संज्ञानात्मक विकास के सभी सिद्धान्त इस तथ्य से सहमत है कि यदि भाषा विचार करने का माध्यम है तो विचार की मौलिक प्रस्तुति के लिए मातृभाषा सर्वात्तम है। यहां मौलिकता को रेखांकित करने की आवश्यकता है। यदि आप विचारों की मौलिकता के बदले उसकी नकल उतारने का प्रयास करना चाहते हैं तो यह कार्य आपको अपनी भाषा के प्रयोग का अवसर नहीं देता।

पर्यायवाची या समानार्थी के प्रयोग द्वारा अंग्रेज़ी में पढ़े विचारों को अंग्रेज़ी में उतारने की आदत हिंदी में मौलिक लेखन और शब्द-सृजन को उपेक्षित कर देती है। रही सही कसर अनुवाद की बैसाखी पूरा कर देती है। हिंदी, खासकर कार्यालयी और अकादमिक हिंदी इसी बैसाखी पर खड़ी है।

हिंदी में अकादमिक विषयों की गुणवत्तापूर्ण मौलिक किताबों का लेखन ना के बराबर है। उच्च स्तरीय और बोधगम्य अनुवाद का संकट है। अस्पष्ट और जटिल अनुवादों के चलते यह धारणा पुष्ट होती है कि अनुदित हिंदी किताब पढ़ने से अच्छा है कि पुस्तक का अंग्रेज़ी संस्करण ही पढ़ लिया जाए।

अनुवाद पर अधिक ज़ोर देने से यह भी पुष्ट होता है कि हिंदी में मौलिक और प्रासंगिक लिखा ही नहीं जा सकता। यह सारा परिदृश्य हिंदी के कारण नहीं है बल्कि हमारी वैचारिक अभिव्यक्ति की सीमा और समस्या है। हम नई शब्दावली और भाषा गढ़ने से बचना चाहते हैं और उधार की कमाई से काम चलाना चाहते हैं।

हिंदी को सीखना और रोज़मर्रा के जीवन में इस्तेमाल करना केवल संज्ञानात्मक कार्य नहीं है बल्कि इसका सामाजिक-सांस्कृतिक पक्ष अधिक महत्वपूर्ण है। इसके द्वारा आप अपने समाज से अपनत्व का रिश्ता कायम करते हैं। अपनी भाषा का व्यवहार गर्वबोध और आत्म सम्मान को बढ़ावा देता है। हिंदी लिखने, पढ़ने और बोलने का अभिप्राय अंग्रेज़ी ना आना नहीं है। अंग्रेज़ी या किसी दूसरी भाषा को जानना और सीखना चाहिए लेकिन इन भाषाओं की मानसिक गुलामी का प्रतिकार करना चाहिए। इसके लिए हिंदी पखवाड़े या दिवस पर भाषण, कविता, निबंध के आयोजन मात्र पर्याप्त नहीं है बल्कि हमें रोज़मर्रा की अकादमिक और सरकारी कामकाज में हिंदी के सरल, सरस और सुबोध प्रयोग को बढ़ावा देना होगा।

Exit mobile version