Site icon Youth Ki Awaaz

राह चलते लड़कियों को परेशान करने वाले लड़के बेखौफ कैसे घूमते हैं?

राह चलती लड़कियों के साथ छेड़छाड़

राह चलती लड़कियों के साथ छेड़छाड़

हम लड़कियों को राह चलते कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अभद्र व्यवहार, अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित सोच वाले लोग हर मोड़ पर मिलते हैं। ये लोग उसी भीड़ का हिस्सा होते हैं, जिनकी मानसिकता नीच प्रवृति की होती है। सरल शब्दों में कहूं तो ये लोग संकीर्ण और कुंठित होते हैं|

चाहे सड़क पर चलने की बात हो या फिर ऑटो या बस में सफर करना हो, इस तरह के लोग हर जगह मौजूद रहते हैं। इनकी शक्ल पर तो लिखा नहीं होता कि ये कैसे लोग हैं लेकिन इनकी हरकतों और बोली से इनका आचरण दिखाई पड़ता है। लड़कियों को जान-बूझकर छूना, उनसे टकराना, उनपर सीटी बजाना, अश्लील इशारे करना, गाड़ी चलाते वक्त जानबूझकर पीछा करना, जहां-तहां गाड़ी खड़ी कर लड़कियों पर फब्तियां कसना और मैं क्या लिखूं शब्द कम पर जाएंगे, पर ऐसे लोगों के चरित्र का वर्णन नहीं हो पाएगा।

इन सब कारणों से ना जाने कितनी लडकियां खुद को समेट लेती हैं। वे बाहर जाना बंद कर देती हैं। कितनी लड़कियों की पढ़ाई भी पूरी नहीं हो पाती। लड़कियां डर के कारण किसी को बता नहीं पातीं और इस वजह से लड़कों की हिम्मत बढ़ जाती है। डर का एक अनजान साया इन पर हावी होने लगता है।

कई लड़कियों के तो माता-पिता, भाई या परिवार के सदस्य भी इन सब कारणों से लड़कियों का बाहर आना-जाना बंद करवा देते हैं, क्योंकि लोगों का मानना होता है कि लड़कियों पर अगर किसी प्रकार से दाग लग गया या समाज-परिवार में कोई बात हो गई तो क्या होगा?

मैं तो हैरान हूं कि जो लड़के राह चलती लड़कियों को परेशान किया करते हैं और खुद को ‘कूल डूड’ समझते हैं, उनपर कोई आरोप क्यों नहीं लगाता? भरे समाज में उनपर उंगली क्यों नहीं उठाई जाती? वे क्या करते हैं, कहां जाते हैं और किससे मिलते हैं, इनसब चीज़ों के बारे में लड़कों से कभी सवाल क्यों नहीं पूछा जाता है? परिवार और समाज का कर्तव्य बुरी चीज़ों को खत्म करने का होना चाहिए।

राह चलते मुझे भी इन परिस्थितियों से दो-चार होना पड़ता है। मैं ऐसे लोगों को राह का कांटा या चाय में पड़ी मक्खी समझती हूं, जिन्हें निकाला और फेंक दिया। अपनी आवाज़ से ऐसे लड़कों की आवाज़ दबा देनी चाहिए, ताकि इनकी बोलती ही बंद हो जाए। सभी लड़कियों के अंदर एक ऐसा शोर होना चाहिए, जिसके आगे सभी मौन हो जाएं।

Photo Credit: Twitter

Exit mobile version