Site icon Youth Ki Awaaz

जल संकट और प्रदूषण जैसी समस्याओं के बीच लोगों को जागरूक करती ‘टीच फॉर ग्रीन’ संस्था

टीच फॉर ग्रीन

टीच फॉर ग्रीन

देवभूमि उत्तराखंड में कुमाऊँ के नाम से सुप्रसिद्ध मध्य हिमालयी भाग में स्थित चम्पावत नगर अपने प्राकृतिक सौंदर्य, परंपरागत कुमाऊँनी संस्कृति और विभिन्न प्रकार के त्यौहारों के लिए मशहूर है। पर्यटकों के लिए यह हमेशा आकर्षण का केन्द्र रहा है। अपनी ऐतिहासिक धरोहरों और न्याय के देवता गोल्ज्यू की क्रीड़ा स्थली  के तौर पर चम्पावत लोगों में अति लोकप्रिय है।

चम्पावत में मकर संक्रांति, होली, गोल्ज्यू ग्रीष्मोत्सव, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, हरेला और नंदा-सुनंदा जैसे महोत्सव हमेशा से लोगों के आकर्षण का केंद्र रही है। समय के साथ स्थानीय पर्यावरण में हो रहे परिवर्तन और अनेकों प्रकार की समस्याएं सदा से ही लोगों की चिंता का कारण बनी हुई हैं।

इस क्षेत्र में वायु प्रदूषण की समस्याएं चिंता का विषय है। इसके अलावा स्थानीय समस्याओं के चलते घर की महिलाओं को जल लेने के लिए लगभग दस किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ रहा है। जबकि पहाड़ों में आज से पहले कभी जल संकट और जल प्रदूषण जैसी कोई समस्या नहीं थी। जनसंख्या वृद्धि के कारण अपशिष्ट प्रबंधन भी एक चुनौती का विषय बना हुआ है। कृषि में लोगों का वर्तमान में कम रूचि रखना, पलायन कर दूर शहरों में जा बसना एक चिंता का विषय है। जंगली जीवों जैसे- सूअरों और बंदरों का काफी आतंक है और इस वजह से लोगों का ध्यान कृषि पर अधिक नहीं है।

हर दिन पर्यावरण से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं और इसी के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। हम समस्याओं का सामना करने की क्षमता तो रखते हैं लेकिन उनके निवारण के लिए खुद से कदम उठाने का प्रयास नहीं करते।

इन सारी समस्याओं का अध्ययन करने और लोगों से मिलने के उपरान्त ‘टीच फॉर ग्रीन‘ संस्था ने यहां काम करना प्रारम्भ किया। साथ ही संस्था द्वारा क्षेत्र के ही कुछ गाँवों और ज़िले के तीस विद्यालयों के साथ मिलकर यहां के लोगों को जागरूक करने व क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र के विद्यालयों में बच्चों को सह-पाठ्यगामी क्रियाओं के माध्यम से स्थानीय पर्यावरण में दिन-प्रतिदिन हो रहे परिवर्तन से अवगत कराया जाता है। साथ ही साथ संस्था द्वारा अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है।

संस्था द्वारा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम। फोटो सौजन्य: टीच फॉर ग्रीन ऑफिशियल वेबसाइट

1 जून 2018 से संस्था लगातार इन कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चम्पावत जिला प्रशासन के साथ मिलकर किए गए कार्यक्रम में संस्था द्वारा निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही ज़िले में एक रैली निकाली गई जिसका उद्देश्य लोगों को प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए जागरूक करना था। इसके साथ ही एक सभा का आयोजन भी किया गया जिसके मुख्य अथिति ज़िला शिक्षा अधिकारी थे। इस सभा में बच्चों और मुख्य अथिति द्वारा प्लास्टिक मुक्त चम्पावत पर अपने-अपने विचार रखे गए।

संस्था द्वारा अलग अलग विद्यालयों में जाकर बच्चों के साथ मिलकर कई तरह के कार्यक्रम कराए जाते हैं। इससे जहां एक ओर बच्चों का सर्वांगीण विकास हो रहा है वही दूसरी ओर उन्हें हमारे पर्यावरण को आसानी से समझने में मदद भी मिल रही है। विद्यालय में कराए जाने वाले कार्यक्रमों में सोलर लैंप, धारणीय विकास,अपशिष्ट प्रबंधन, किचन गार्डनिंग, प्लास्टिक के पुनः प्रयोग और वर्षा जल संरक्षण जैसी गतिविधियां सम्मिलित हैं।

इसके अलावा संस्था द्वारा गाँवों के साथ मिलकर हरित दिवाली और स्वस्थ्य दिवाली अभियान भी चलाया गया। रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से भी लोग संस्था की मुहिम के साथ जुड़े। इस कार्यक्रम के ज़रिए गाँव के लोगों को पर्यावरण की वर्तमान स्थिति के बारे में समझाया गया। आज ज़रूरत है कि हम भी कुछ प्रयास अपने स्तर से करें ताकि हमारी संपदा और संस्कृति के लिए कुछ बेहतर हो सके।

Exit mobile version