Site icon Youth Ki Awaaz

लव मैरेज करने पर इस कपल की मॉब लिंचिंग की साज़िश रची गई

पति-पत्नी

पति-पत्नी

झारखंड के कोडरमा ज़िले के मरकच्चो प्रखंड में आज से 5 साल पहले एक कपल आपस में प्रेम करते थे। उनकी प्रेम कहानी जब परवान चढ़ी तब दोनों ने आपस में शादी करने का मन बनाया। दोनों एक दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुए मुंबई चले गए।

उनके मुंबई जाने के बाद रूढ़िवादी मानसिकता वाले लोग इनके प्यार के दुश्मन बने बैठे। उन लोगों ने लड़के और लड़की के साथ दोनों के परिवार वालों को जाति-समाज से अलग करने का फरमान सुना दिया।

सरकारी योजनाओं से वंचित किया गया

इतना ही नहीं समाज को दिशा दिखाने वाले जाने-माने लोगों और जन प्रतिनिधियों ने उन्हें सरकारी योजनाएं देने तक मना कर दिया। इसके अलावा उनके घर का बिजली कनेक्शन तक काट दिया गया। दोनों परिवारों ने समाज के इस ज़ुल्म को सहते हुए एक मंदिर में हिन्दू रीति-रिवाज़ से शादी कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर। फोटो साभार: Getty Images

शादी के बाद लड़का और लड़की दोनों शहर में रहने लगे जहां उनके पास ना तो रहने के लिए पहले से कोई व्यवस्था थी और ना ही जान पहचान वाले लोग। वहां तमाम तकलीफों को सहते हुए वे दिन रात मेहनत करते रहे। इसी दौरान उन्हें दो बच्चे हुए जिनमें से एक अभी 3 साल का है और दूसरा लगभग डेढ़ साल का है।

गाँव जाने का मन बनाया

बच्चे को जन्म देने के बाद उन्होंने तय किया कि क्यों ना एक बार अपने गाँव जाकर देखें। यह सोचते-सोचते एक दिन वे दोनों गाँव पहुंच ही गए लेकिन यहां एक बार फिर से उन रूढ़िवादी मानसिकता से ग्रसित लोगों से इनका सामना हो गया।

लोगों ने एक पंचायत बुलाई और उन्हें सामाजिक रूप से बहिष्कार करने की ठान ली। एक बार फिर अपनी मानसिक संतुष्टि के लिए उन्हें समाज से निकाले जाने की सार्वजनिक घोषणा कर दी गई।

खैर, ऐसी ही घोषणा तो पहले भी की जा चुकी थी। इस बैठक के बाद से डरे सहमे कपल ने अपनी सुरक्षा की गुहार ज़िले के आला अधिकारियों से लगाते हुए न्याय का दरवाज़ा भी खटखटाया।

गाँव के लोगों को इस बात का गहरा झटका लगा और उन लोगों ने यह तय किया कि पति-पत्नी को भीड़ में मार कर खत्म कर दिया जाए। उन्हें लगा कि ऐसा करने से गाँव वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।

गाँव वाले ऐसा करने में सफल तो नहीं हुए लेकिन पुरज़ोर कोशिश की गई कि किसी तरह से इन्हें खत्म कर दिया जाए। अब आप सोच सकते हैं कि इस समाज को क्या नाम दिया जाए जो अपने हठधर्मिता पर तुला हुआ है।

यह समाज एक ऐसे जोड़े को खत्म करना चाहता है जिसने दहेज जैसे दानव को इंकार कर मानवता को जीवंत करने के लिए एक दूसरे से प्रेम कर एक नई दुनिया बसाई।

नोट: यह लेख YKA यूज़र ओंकार ने अपने गाँव के नज़दीक के इलाके की घटना के आधार पर लिखी है।

Exit mobile version