Site icon Youth Ki Awaaz

सामूहिक श्रमदान कर कालिंदी यमुना घाट को फिर से गुलज़ार किया

हम ‘वैश्विक क्लाइमेट इमरजेंसी’ की चपेट में हैं। हमें एक ‘टिकाऊ भविष्य’ के लिए ज़रूरी ‘क्लाइमेट एक्शन’ लेते हुए पवित्र नदियों और तालाबों को स्वच्छ बनाए रखना होगा। इसी बात को मद्देनज़र रखते हुए कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक एवं जैन धर्म अनुयायियों के तीर्थस्थल ग्राम चंद्रवाड़ के पास कालिंदी के तट पर नगरवासियों ने तीन दिन के सामूहिक श्रमदान से यमुना घाट को गुलज़ार कर दिया है।

भारत सरकार द्वारा पर्यावरण हित में किए जा रहे प्रयासों से प्रेरित होकर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अग्रवाल ने कुछ दिन पहले यमुना किनारे मुख्य घाट की स्वच्छता को लेकर एक मुहिम चलाई, जिसमें सभी ने आंशिक श्रमदान किया और वर्षों से अपनी बदहाली पर आंसू बहाती हुई यमुना मैया के इस पवित्र घाट को सुखद पल का अहसास कराया।

मछलियों को दाना डाला और पुण्य लाभ लिया

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आटे की छोटी-छोटी लोई बनाकर मछलियों को दाना डाला और पुण्य लाभ लिया। जिलाधिकारी फिरोजाबाद चंद्र विजय सिंह ने कहा कि दैनिक जागरण की यह एक अनुठी पहल है। यमुना घाट के किनारों का प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छता को बरकरार रखते हुए इस घाट के विकास में ज़िला प्रशासन द्वारा कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी फिरोजाबाद IAS नेहा जैन ने निःस्वार्थ भाव से इस पुनीत कार्य में अपना कीमती समय निकाल कर श्रमदान करने वाले समस्त नगरवासियों एवं दैनिक जागरण की टीम को धन्यवाद देते हुए कहा,

                   अब जनपद में हर वर्ष दो अक्टूबर को विशेष अभियान चलाकर जनसहयोग से पवित्र यमुना नदी के सभी किनारों को स्वच्छ और पॉलीथिन मुक्त किया जाएगा।

रेड टेप मूवमेंट के संस्थापक, सहायक निदेशक बचत फिरोजाबाद एवं पर्यावरणविद प्रभात मिश्र ने कहा,

               ग्लोबल वार्मिंग के कारण होने वाले जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी के तापमान में निरन्तर वृद्धि हो रही है, जिसका मुख्य कारण वातावरण में फैल रही विषैली गैस है।                     इसी वजह से हिमखंड और ग्लेशियर तेज़ी से पिघल रहे हैं, जिससे समुद्र के जलस्तर में वृद्धि हो रही है और वनस्पति तथा जन्तु जगत के साथ-साथ मानव जीवन  पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

नदी की स्वच्छता कार्यक्रम: उम्मीद से कहीं ज़्यादा सफल

वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अग्रवाल का कहना है कि पवित्र यमुना नदी की स्वच्छता का कार्यक्रम उम्मीद से कहीं ज़्यादा सफल रहा। इसमें जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और नेशनल कैडेट कॉर्प (NCC) के सिपाहियों ने पूरे मन से श्रमदान किया है। 

इससे ना सिर्फ प्राचीन तीर्थ चन्द्रवाड़ का चहुमुखी विकास होगा बल्कि पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता व स्वच्छता अभियान फिरोजाबाद की ब्रांड एंबेसडर कल्पना राजौरिया का कहना है कि आस्था के पवित्र स्थल पर श्रमदान करके बहुत खुशी महसूस हुई और इसके परिणाम भी सुखद आए हैं।

जनआधार कल्याण समिति के सचिव प्रवीन कुमार शर्मा ने कहा,

जल कुदरत का दिया हुआ वह अनमोल तोहफा है, जिसकी प्रत्येक मानव, जीव जन्तु व वनस्पतियों को आवश्यकता होती है इसलिए हमें वर्षा के जल का संरक्षण करने का हर सम्भव प्रयास करना चाहिए। 

पर्यावरण हित में पवित्र नदियों, तालाबों और डैम को प्रदूषित होने से बचाने व स्वच्छ रखने में अपना योगदान देने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की जनसामान्य से अपील भी की।

ज़िला प्रशासनिक अधिकारियों, उद्यमियों, डॉक्टरों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिकों ने यमुना मैया की महाआरती उतारी। 

बांके बिहारी मंदिर के महंत मुन्ना लाल शास्त्री ने विधि विधान से यमुना मैया का पूजन कराया और महाआरती के बाद घाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया।

अधिकारी भी बने अभियान का हिस्सा

अभियान का हिस्सा बनते हुए ज़िलाधिकारी IAS चन्द्र विजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी IAS नेहा जैन, नगर मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद कुंवर पंकज सिंह, नगर आयुक्त फिरोजाबाद विजय कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेश कुमार ने इस अभियान को बहुत सराहा। 

वहीं ज़िला स्तर पर ज़िला विद्यालय निरीक्षक रीतू गोयल, ज़िला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा शंकर, डी. पी.आर.ओ. नीरज कुमार सिन्हा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर बलदेव सिंह, इंस्पेक्टर बसई मुहोम्मदपुर रविन्द्र कुमार, दैनिक जागरण टीम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, NCC कैडेट्स और जनआधार कल्याण समिति सचिव प्रवीन कुमार शर्मा, विवेक शर्मा, सौरभ अग्रवाल, गौरव वर्मा व अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी स्वयं श्रमदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और एक कदम स्वच्छता की ओर बढ़ाया।

 

श्रमदान द्वारा विश्व के नागरिकों को एक अच्छा सन्देश

नगरवासियोंं ने यमुना किनारे निःस्वार्थ भाव से श्रमदान करके विश्व के नागरिकों को एक अच्छा सन्देश दिया है। पर्यावरण हित में सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और दैनिक जागरण द्वारा की गई पहल की जितनी सराहना की जाए वह कम है। 

जानकारी होने पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्यरत सामाजिक संस्था जनआधार कल्याण समिति के सचिव प्रवीन कुमार शर्मा ने वरिष्ठ समाजसेवी नितेश अग्रवाल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए स्वयं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ एक कदम स्वच्छता की ओर बढ़ाया। 

इंडियन करियर वेल्फेयर सोसायटी के सौजन्य से इंडियन करियर कम्प्यूटर एजुकेशन के छात्रों व अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से यमुना घाट की दीवारों पर जल संरक्षण के विभिन्न संदेश लिखे। जिसमें संस्था के सचिव प्रवीन कुमार अग्रवाल और सह सचिव पीयूष अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।

Exit mobile version