Site icon Youth Ki Awaaz

बॉलीवुड डांस मास्टर सरोज खान अब नहीं रहीं!

निर्मला नागपाल, जो विश्व प्रख्यात नृत्यांगना थी और उनको सरोज खान के नाम से जाना जाता था। इनका जन्म 22 नवम्बर 1948 को हुआ। आज आचानक ही हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। वह 71 वर्ष की थीं। उन्होंने बॉलीवुड की दुनिया में नृत्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान दिया।

तीन साल की उम्र में पहली बार फिल्मों में नज़र आई थीं सरोज

13 वर्ष की आयु में उन्होंने खुद से उम्र 30 साल में बड़े, अपने गुरु बी सोहनलाल से शादी कर ली थी। जब वह तीन साल की थीं तब वह फ़िल्म नज़राना में पहली बार बाल कलाकार के रूप में नज़र आईं थीं। उन्होंने 200 से ज्यादा फिल्मों के लिए कोरियोग्राफी की थी। सरोज पहले असिस्टेंट कोरियोग्राफर थीं लेकिन 1974 में आई फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ से वे कोरियोग्राफर बन गईं।

सरोज खान जी को वर्ष 2007 में आई फिल्म ‘जब वी मेट’ के लिए बेस्ट कोरियोग्राफर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्म ‘गुरु’ के लिए फिल्म फेयर अवॉर्ड मिला था। इसके बाद 2002 में आई ‘देवदास’ के लिए फिल्म फेयर पुरस्कार, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्म ‘लगान’ के लिए अमेरिकन कोरियोग्राफी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

सरोज खान, (तस्वीर साभार: सोशल मीडिया)

आखिरी बार कलंक फिल्म में माधुरी को किया था कोरियोग्राफ

इन्होंने ने आखिरी बार करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस तले बनी फिल्म ‘कलंक’ में ‘तबाह हो गए’ गाने को कोरियोग्राफ किया था। इस गाने में माधुरी दीक्षित डांस करते हुए नज़र आई थी। यह फिल्म 2019 में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म तेज़ाब का गाना , एक दो तीन कौन भूल सकता है, यह गाना बहुत प्रसिद्ध हुआ था, इस गाने का डांस माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था।

उनकी व्यक्तिगत ज़िन्दगी के विषय में बात करें, तो हम यह महसूस कर सकते हैं कि एक सिंगल मदर और एक अकेली महिला ने अपने जीवन को किस तरह जिया है, उनके पति बी. सोहनलाल ने बाद में उनका साथ छोड़ दिया था और जब सरोज जी माँ बनीं तब उनके पति ने उन्हें अपना नाम देने से साफ इंकार कर दिया था। इससे सरोज बुरी तरह टूट गई थीं।

उनके जीवन में कठिनाईयां आती गईं और उन्होंने हर मुश्किल का सामना बहुत ही मज़बूती के साथ किया। वर्ष 1963 में उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया और उसको भी उन्होंने अपनी तरह नृत्य में पारंगत किया। उनकी ज़िंदगी में कम मुश्किलें नहीं थीं, बावजूद इसके उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और एक सफल नृत्यांगना बन कर पूरे बॉलीवुड पर में एक पहचान बनाई।

सरोज खान, (तस्वीर साभार: सोशल मीडिया)

बॉलीवुड हमेशा रखेगा सरोज को याद

बॉलीवुड में शायद ही ऐसा कोई बड़ा स्टार हो जिसे सरोज जी ने डांस ना सिखाया हो। हर किसी को अपनी ताल पर नचाने वाली सरोज अब भले ही हमारे बीच नहीं रहीं लेकिन उनकी यादें हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।

उनके द्वारा सिखाए गए डांस और उनकी शिक्षा को पूरा बॉलीवुड ज़िन्दगी भर याद रखेगा। उनका इस तरह से जाना पूरे बॉलीवुड को सदमे में छोड़ गया है। वर्ष 2020 में हम ना जाने कितने सितारों को खो चुके हैं। सिनेमा जगत के लिए यह अत्यंत दुखद और तकलीफदेह साल रहा है।

Exit mobile version