Site icon Youth Ki Awaaz

समाज को बेहतर बनाने के लिए महिलाओं की शिक्षा पर देना होगा ध्यान

कोरोना काल में जब पूरा देश इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में व्यस्त है। ऐसे वक्त में देश में अन्य अपराधों की तुलना में महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों में कोई कमी नहीं आई।

राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार, अफरा-तफरी के इस माहौल में भी देश के किसी-न-किसी कोने में महिलाओं पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से हिंसा बदस्तूर जारी है।

खास बात यह है कि यह हिंसा शिक्षित और अशिक्षित दोनों प्रकार की महिलाओं के साथ हो रही है। हालांकि अशिक्षित महिलाओं की तुलना में पढ़ी-लिखी औरतों ने ज़ुल्म के खिलाफ मुखर होकर आवाज़ बुलंद की है। यही कारण है कि महिला हिंसा के खिलाफ ज़्यादातर रिपोर्ट शहरी क्षेत्रों में दर्ज हुईं। जबकि शिक्षा की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं इस हिंसा को झेलने पर मजबूर हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

महिलाओं के शिक्षित होने का महत्व

वास्तव में शिक्षा मनुष्य को जहां सही और गलत की पहचान कराती है, वहीं उनमें आत्मविश्वास का जज़्बा भी पैदा करती हैं। यही कारण है कि केंद्र से लेकर देश की सभी राज्य सरकारें महिला शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी ज़ोर देती रही हैं। महिला शिक्षा को लेकर कई योजनाएं चलाई जाती रही हैं। उन्हें सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने का मौका दिया जाता रहा है।

साइंस और कंप्यूटर के इस युग में महिलाओं का शिक्षित होना बहुत आवश्यक हो गया है। यदि महिला पढ़ी-लिखी होगी, तो ना केवल अपने अधिकारों से परिचित होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी का निर्माण भी शिक्षा की नींव पर करेगी। इतना ही नहीं एक शिक्षित महिला घर में आर्थिक रूप से भी सहायता कर सकती है। साथ ही आत्मनिर्भर भी हो सकती है।

कहा जाता है कि अगर एक लड़का पढ़ता है तो एक मनुष्य शिक्षित होता है लेकिन जब एक लड़की पढ़ती है तो ना केवल दो परिवार, बल्कि आने वाली पीढ़ी भी

शिक्षित होती है। इसलिए एक महिला का पढ़ा-लिखा होना बहुत ही ज़रूरी है। शिक्षित महिला जीवन में आने वाली हर समस्याओं का अपनी सूझ-बूझ से सामना कर सकती है।

शिक्षा से ही महिलाएं हो सकती हैं सशक्त

वास्तव में महिला शिक्षा एक ऐसा शब्द है जो लड़कियों और महिलाओं में ना केवल शिक्षा, बल्कि उसके स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता को भी दर्शाता है। स्वास्थ्य के प्रति शिक्षा की कमी के कारण ही देश की लाखों महिलाएं माहवारी के दिनों में साफ-सफाई के महत्व से अनजान रह कर बीमारी का शिकार हो जाती हैं।

एक आंकड़े के अनुसार दुनियाभर में लगभग 65 मिलियन लड़कियां स्कूली शिक्षा से वंचित हैं। उनमें से अधिकांश विकासशील देशों में हैं। दुनिया के सभी देशों विशेष रूप से विकासशील देशों को अपनी महिला शिक्षा की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। महिलाएं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

भारत में हिंदी भाषी क्षेत्रों में भी महिलाओं की शिक्षा का स्तर अन्य राज्यों की तुलना में खराब है। बात राजस्थान की करी जाए, तो 2011 की जनगणना के अनुसार यहां देश में सबसे कम महिला साक्षरता की दर रिकॉर्ड की गई हैं। पूरे देश में महिला साक्षरता की दर 65.5 प्रतिशत की तुलना में राजस्थान में महज़ 52.7 प्रतिशत है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

महिलाएं हैं समाज की आत्मा

किसी समाज में महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है, उससे एक समाज की मानसिकता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। एक शिक्षित पुरुष समाज को बेहतर बनाने के लिए बाहर जाता है। जबकि एक शिक्षित महिला घर और उसमें रहने वालों को बेहतर बनाती है। स्वास्थ्य महिलाओं के जीवन का अधिक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि वे शिक्षित होंगी, तो वे स्वयं की देखभाल बेहतर तरीके से कर सकती हैं।

महिलाओं की मदद से पुरुषों की तुलना में उनके परिवार के स्वास्थ्य के बारे में अधिक चिंतित हैं और स्वच्छता की भी बहुत समझ है। कामकाजी महिलाएं अपने परिवार के स्वास्थ्य के बारे में लगातार चिंतित रहती हैं। वें किसी भी कीमत पर इससे समझौता नहीं करती हैं।

एक बालिका, जो स्कूल नहीं जाती है, वह अपने घर के घरेलू कामों में मदद के रूप में काम करती है। जबकि पुरुषों या लड़कों के विपरीत, जो अशिक्षित होने के बावजूद आसानी से अकुशल मज़दूर के रूप में कार्यरत हो जाते हैं, अत्यधिक मामलों में कमज़ोर वर्ग की अशिक्षित महिलाओं को देह व्यापार में धकेल दिया जाता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

महिलाओं की शिक्षा है समाज और सरकार की ज़िम्मेदारी

एक महिला घर की गरिमा होती है और एक समाज का न्याय इस बात पर निर्भर करता है कि उसका महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार है। यह केवल तभी है, जब एक महिला अपनी गरिमा और सम्मान की रक्षा करने में सक्षम होगी। एक अशिक्षित महिला को अपनी गरिमा के लिए बोलने की हिम्मत की कमी हो सकती है। जबकि एक शिक्षित महिला इसके लिए लड़ने के लिए पर्याप्त आश्वस्त होगी।

शिक्षा ही किसी महिला को आत्मनिर्भर बना सकती है। महिला अपने अस्तित्व के साथ-साथ अपने बच्चों के अस्तित्व के लिए किसी पर निर्भर नहीं है। वह जानती है कि वह शिक्षित है और पुरुषों की तरह समान रूप से नौकरी कर अपने परिवार की ज़रूरतों को पूरा कर सकती है।

एक महिला जो आर्थिक रूप से स्वतंत्र है। अन्याय और शोषण के खिलाफ अपनी आवाज़ उठा सकती है। देश और दुनिया में ऐसे ढेरों उदाहरण हैं, जब महिलाओं ने अपने अपने देश की सरकार को कानून बदलने पर मजबूर किया है।

परिवार के लिए बेहतर जीवन स्तर महिलाओं की शिक्षा के फायदों में से एक है। शिक्षा एक महिला के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हमें महिला शिक्षा की ओर हर हाल में ध्यान देना ही होगा। यह हमारी ज़रूरत भी है और ज़िम्मेदारी भी है।

Exit mobile version