Site icon Youth Ki Awaaz

जन्मदिन विशेष: सौरव गांगुली के करियर से जुड़े पांच विवाद

आज सौरव गांगुली के जन्मदिन पर विश्वभर से उनके प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे हैं। एक बेहतरीन खिलाड़ी के तौर पर सौरव गांगुली ने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है। बतौर कप्तान उन्होंने भारत की टीम का बेहतरीन तरीके से मार्गदर्शन किया।

आज भी कई लोग कहते हैं कि गांगुली ने भारत के लिए कभी विश्व कप नहीं जीता लेकिन शायद आप यह भूल गए कि सौरव गांगुली ने विश्व कप जीतने वाली टीम बनाई। सौरव गांगुली ने अपने प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट टीम को कई उपलब्धियां भी दिलाई हैं। इसी के साथ-साथ सौरव गांगुली का विवादों से भी अच्छा नाता रहा है। आइए जानते हैं सौरव गांगुली से जुड़े कुछ विवाद-

बॉलीवुड की एक्ट्रेस नगमा के साथ जुड़ा था गांगुली का नाम

शादीशुदा होने के बावजूद गांगुली का नाम बॉलीवुड अभिनेत्री नगमा के साथ जुड़ा था। जिसके बाद क्रिकेट के अलावा इस विवाद के कारण वो काफी लंबे समय तक सुर्खियों में बने रहे।

जब साल 2001 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत में मैच खेलने आई थी, तब गांगुली को अभिनेत्री नगमा के साथ साउथ इंडिया के एक मंदिर में पूजा करते देखा गया था।

ग्रेग चैपल से हुआ विवाद

गांगुली के करियर का यह बहुत बड़ा विवाद आज तक माना जाता है। दरअसल, गांगुली की सिफारिश पर ही साल 2005 में ग्रेग चैपल को भारतीय टीम का कोच बनाया गया था। इसके बाद से ही गांगुली लगातार खराब परफॉर्मेंस दे रहे थे।

उनके बल्ले से रन नहीं बन पा रहे थे। इसी बीच में चैपल का बयान आया कि कप्तानी का दबाव गांगुली की बल्लेबाजी को खराब कर रहा है। उन्होंने गांगुली की कप्तानी को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद ज़िम्बाब्वे के साथ दौरे पर गांगुली ने पहले ही टेस्ट में सेंच्युरी बनाई थी।

ग्रेग चैपल ने गांगुली के साथ अपने खराब रिश्तों की बात के बारे में बीसीसीआई को बताया था। यह सब उन्होंने एक मेल द्वारा बताया था।

अग्रेसिवनेस के चलते अम्पायर से कर चुके हैं खिलाफत

सौरव गांगुली वैसे तो बेहद शांत स्वभाव के हैं लेकिन जब वो मैदान में उतरते हैं तो उनमें अग्रेशन देखने को मिलता है। ऐसे में अगर गांगुली को लगता है कि कुछ गलत हो रहा है, तो वो अपना अग्रेसिव रूप भी सबको दिखाने से परहेज नहीं करते।

साल 1998 की बात है जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट सीरीज़ के दौरान एक मैच में अंपायर ने गांगुली को आउट करार दिया था मगर गांगुली ने अंपायर के फैसला का विरोध कर दिया था। यही नहीं, इसके बाद भी साल 2000 में जिंबाब्वे में खेले गए एक मैच के दौरान भी गांगुली और अंपायर के बीच मैदान में विवाद हुआ था।

इस वजह से गांगुली पर कुछ मैच के लिए बैन भी लगा था। इसके ठीक एक साल बाद ही श्रीलंका के खिलाफ भी आउट होने पर गांगुली ने अंपायर के फैसले को मानने से इनकार कर दिया था और अंपायर से उलझने की वजह से उन्हें एक मैच के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।

स्टीव-वॉ ने लगाया था फील्ड पर देर से आने का आरोप

सौरव गांगुली के जीवन में साल 2001 काफी विवादों भरा रहा था। गांगुली टीम इंडिया की कमान संभालने के दौरान फील्ड पर अक्सर देर से पहुंचते थे जिसके चलते टॉस के लिए इंतज़ार करना पड़ता था।

यह आरोप गांगुली पर भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ के दौरान ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव वॉ ने लगाया था। गांगुली की इस आदत से स्टीव उनसे काफी गुस्सा भी हो गए थे।

जब लॉर्ड्स में शर्ट उतारकर मनाया था जश्न

अभी 2001 के विवाद खत्म भी नहीं हुए थे कि अगले साल 2002 में एक और विवाद में फंस गए। नेटवेस्ट ट्रॉफी ट्राई सीरीज़ में जब भारत ने इंग्लैंड को हराया था, तब इंग्लैंड के मशहूर लॉर्ड्स के मैदान की बालकनी में खड़े होकर गांगुली ने अपनी जर्सी पूरे जोश के साथ लहराई थी। वो सीन आज भी सबकी नजरों में बसा है।

Exit mobile version