Site icon Youth Ki Awaaz

यूपी में दोबारा लॉकडाउन, जानिए क्या खुला रहेगा और क्या रहेगा बंद?

उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले 31 हज़ार का आंकड़ा पार कर चुके हैं। जिस कारण देशव्यापी लॉकडाउन ना होने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से प्रदेश में लॉकडाउन लगा दिया है। 10 जुलाई रात दस बजे से 13 जुलाई सुबह पांच बजे तक लागू लॉकडाउन में कई तरह की छूट भी दी गई है। तो क्या हैं 55 घंटे के लाकडाउन में दी गई छूट –

रेलवे सेवाएं नहीं होंगी प्रभावित

रेलवे की सेवाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। ट्रेनों से आने वाले लोगों के लिए बसों की व्यवस्था उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम करेगा। सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। हवाई अड्डों पर आने वाले यात्रियों के ऊपर भी कोई रोक नहीं होगी।

जरूरी सेवाओं पर कोई रोक नहीं

55 घंटे के इस लॉकडाउन की अवधि में सभी जरूरी सेवाएं जैसे चिकित्सा और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी। इन सेवाओं से जुड़े सभी कर्मचारी, स्वच्छता कर्मचारियों और डोर टू डोर सप्लाई से जुड़े व्यक्तियों के आने-जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

नहीं रूकेगा सर्विलांस अभियान

कोरोना वायरस संक्रमण के कारण घर-घर शुरू की गई व्यापक स्क्रीनिंग अभियान पर लॉकडाउन का कोई असर नहीं पड़ेगा। इससे जुड़े सभी कार्यालय खुले रहेंगे।

इसके अलावा लॉकडाउन में ग्रामीण क्षेत्र में बने औद्योगिक कारखाने भी खुले रहेंगे। इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना होगा। शहरी क्षेत्रों में भी लगातार चालू रहने वाले औद्योगिक कारखानों को छोड़कर बाकी सब बंद रहेंगे।

मालवाहक वाहनों पर नहीं होगा कोई प्रतिबंध

मालवाहन वाहनों के आवागमन पर भी कोई रोक नहीं होगी। राष्ट्रीय व राज्यमार्गों पर परिवहन जारी रहेगा साथ ही किनारे पर बने पेट्रोल पंप व ढाबे भी तरह खुले रहेंगे।

नहीं बंद किए जाएंगे बड़े प्रोजेक्ट कार्य

लॉकडाउन की अवधि में भी बड़े निर्माण कार्य जैसे एक्सप्रेस-वे, पुल, सड़कें, लोक निर्माण विभाग के बड़े निर्माण कार्य, सरकारी भवन और निजी प्रोजेक्ट चलते रहेंगे।

सभी सार्वजनिक स्थल अस्पतालों, मेडिकल कालेजों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, चौराहों आदि पर जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निकायों की ओर से कोरोना वायरस और अन्य संचारी रोगों से बचाव के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।

इस दौरान ज़रूरी सेवाओं में काम करने वाले लोगों का पहचान पत्र ही ड्यूटी पास होगा। इस बार लॉकडाउन में अलग से पास बनवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

Exit mobile version