Site icon Youth Ki Awaaz

“सांसद महोदय, आइए पीरियड्स के क्षेत्र में मिलकर आवाज़ उठाते हैं”

सेवा में,

आदरणीय रितेश पाण्डेय जी

सांसद,अम्बेडकर नगर,उत्तर प्रदेश

महोदय,

हमारे जनपद एवं प्रदेश की एक बड़ी जनसंख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है ।आज भी हमारे यहां यद्यपि साक्षरता दर में वृद्धि हुई है लेकिन तब भी हम प्राचीन समय से चली आ रही कुछ गलत मान्यताओं का विरोध नहीं कर पा रहे हैं। ऐसी ही एक कुप्रथा महिलाओं के पीरियड्स से सम्बंधित है।

इनमें उन्हें कुछ कार्यों जैसे कि खाना ना बनाना आदि को करने से रोकना, कुछ स्थानों पर जाने से रोकना आदि शामिल हैं। इसके साथ ही आज भी बहुत सी महिलाएं माहवारी स्वच्छता का उचित प्रबंधन नहीं कर पाती हैं। पीरियड्स के समय साफ-सफाई के अभाव, एक ही गंदे कपड़े का बार-बार प्रयोग, राख का प्रयोग आदि करने के कारण महिलाओं को अनेक प्रकार के चर्म रोग, बांझपन यहां तक कि कभी- कभी जान का खतरा भी हो जाता है।

पैड्स के अभाव के कारण ये समस्याएं लॉकडाउन के दौरान और बढ़ गई थी। इन सबका सबसे बड़ा कारण है पीरियड्स के बारे में लोगों की चुप्पी। आज भी घरों में पीरियड्स पर बात करना वर्जित विषय माना जाता है। मैंने Youth Ki Awaaz के साथ पीरियड्स के क्षेत्र में कार्य किया है और इस क्षेत्र की समस्याओं को नज़दीक से देखा और समझा है।

आपके भाषणों को मैंने सुना है। इसमें आपकी व्यापक और शानदार सोच, काम करने की ललक साफ दिखती है। युवा वर्ग पर आपका बड़ा प्रभाव है, जिसमें से मैं भी एक हूं। आप अम्बेडकर नगर में युवाओं के आदर्श के रूप में स्थापित होते जा रहे हैं। ऐसे में अगर आप पीरियड्स के क्षेत्र  में आवाज उठाएंगे तो इसका बड़ा असर पड़ेगा।

अतएव मेरा आपसे अनुरोध है कि विभिन्न सभाओं और मंचों या फिर जन-संपर्क के दौरान अगर आप इन बातों को उठाएं तो निश्चित ही जागरूकता फैलेगी। अगर आपका सहयोग मिले तो मिलकर मीडिया आदि के माध्यम से पीरियड्स के क्षेत्र अपने जनपद में एक अभियान की शुरुआत की जा सककती है।

ऐसे में निश्चित ही लोगों की चुप्पी इस विषय पर टूटेगी और वे पीरियड्स के दौरान साफ-सफाई आदि का ख्याल रख पाएंगे। इससे हमारी आधी आबादी की एक बड़ी समस्या समाप्त होने में मदद मिलेगी।

अग्रिम शुक्रिया।

विवेक कुमार वर्मा, करतोरा,अकबरपुर

अम्बेडकरनगर,उत्तर प्रदेश

Exit mobile version