Site icon Youth Ki Awaaz

कमला हैरिस: अत्याचार और अपराध के खिलाफ आवाज़ उठाने वाली एक सशक्त महिला

Kamala-Harris.jpg

वर्ष 2020 पूरे विश्व के लिए जोखिमों से भरा रहा। वहीं, कई ऐसे चैलेंज भी देखने को मिले, जिन्होंने सम्पूर्ण विश्व का ध्यान अपनी ओर खींचा। एक तरफ अमेरिका के चुनाव में ट्रम्प और बाइडेन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।

दूसरी ओर अमेरिका में भारतीय मूल की कमला हैरिस उप राष्ट्रपति की बागडोर संभालती नज़र आएंगी। यह एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण बात है, जिससे महिला सशक्तिकरण और विकास को एक नया आयाम मिलेगा।

कमला हैरिस से जुड़े कुछ रोचक तथ्य

20 अक्टूबर 1964 अमेरिका के ऑकलैंड, कैलिफोर्निया में जन्मी भारतीय मूल की कमला हैरिस बचपन से ही एक होनहार और महत्वकांक्षी बालिका थीं। हावर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रैज़ुएशन और कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से वकालत करने वाली कमला के पिता अफ्रीकी-अमेरिकी नागरिक हैं।

वहीं, उनकी माँ श्यामला गोपालन भारत के चेन्नई से ताल्लुक रखती हैं। वो एक इंडियन-अमेरिकन बायोमेडिकल साइंटिस्ट थीं। ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में सहायक कई प्रकार के शोध कार्य उन्होंने किए थे। उन्होंने प्रोजेस्टेरोन नामक हॉर्मोन्स के सम्बंध में भी शोध किए थे, जो आगे चलकर बहुत उपयोगी साबित हुए।

अत्याचार और अपराध के खिलाफ आवाज़ उठाने वाली एक सशक्त महिला

कमला हैरिस। फोटो साभार- सोशल मीडिया

वर्ष 1990-98 तक कमला डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रहीं। इस पद पर रहते हुए उन्होंने गैंग हिंसा, ड्रग ट्रैफिकिंग और यौन शोषण के मामलों का गहनता से विश्लेषण किया। इसको रोकने के लिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जो कि एक महिला के लिए बड़ी बात मानी जाती है।

अपनी कार्यशैली और मज़बूत पक्ष के साथ वर्ष 2004 में वो ज़िला अटॉर्नी बनाई गईं। 2010 में वो कैलिफोर्निया की जनरल अटॉर्नी चुनी गईं। उन्होंने इस पद को 1 प्रतिशत से भी कम अंतर से जीता था। इस तरह वो इस पद को संभालने वाली पहली महिला और पहली अफ्रीकी-अमेरिकी बन गईं।

कमला ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की संस्था ‘ओबामा केअर’ के लिए भी कार्य किया। उन्होंने कैलिफोर्निया के ऐतिहासिक जलवायु परिवर्तन कानून का बचाव किया।

2016 में अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने के बाद से ही कमला ने मध्यम वर्ग की मदद करने के लिए न्यूनतम वेतन $ 15 तक बढ़ाने, नकद जमानत में सुधार करने और शरणार्थियों और आप्रवासियों के कानूनी अधिकारों की रक्षा करने के लिए सह-प्रायोजित कानून पेश किया है। एक महिला राजनीतिज्ञ होने की हैसियत से उनके ये सभी कार्य वास्तव में बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उपराष्ट्रपति की उपाधि के बाद एक उभरती किरण

कमला हैरिस ने इतिहास रचा है। वह अमेरिका में उप राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित होने वाली पहली महिला हैं। यही नहीं, साथ ही कमला देश की पहली भारतवंशी, अश्वेत और अफ्रीकी-अमेरिकी उप राष्ट्रपति होंगी।

कमला ने एक रैली में कहा, “इस कार्यालय में मैं पहली महिला हो सकती हूं लेकिन आखरी महिला नहीं होऊंगी।” उन्होंने कहा, “हर छोटी बच्ची, जो आज रात मुझे देख रही है, उसे लगेगा यह संभावनाओं का देश है।”

एक महिला की कोशिश और इतने सारे काम

कमला ने हमेशा से मानवता की बात की और सभी को सुविधाएं देने का काम किया। इंग्लिश में एक कहावत है “एक्शन इज़ मोर पॉवरफुल देन वर्ड्स।” मतलब बातों से कुछ नहीं होता, इंसान की पहचान उसके काम से बनती है।

डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर कहते हैं,

मैं किसी समुदाय की प्रगति, महिलाओं ने जो प्रगति हासिल की है उससे मापता हूं।

Exit mobile version