Site icon Youth Ki Awaaz

“मोदी जी चुनाव तो आते-जाते रहेंगे, मगर अपने पद की गरिमा बनाए रखें”

सेवा में,

माननीय प्रधानमंत्री जी,

गणराज्य भारत

महोदय,

2014 आम चुनाव के नतीजे आपके हक में आये। देश की जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर सत्ता पर काबिज़ करवाया। देश की जनता ने जब आपको एवं भाजपा को चुना था तो शायद यह सोचा होगा कि सत्ता परिवर्तन से देश तरक्की की ओर कदम बढ़ाएगा। मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता होने के नाते देश की जनता के फैसले का सम्मान करता हूं।

परन्तु आज देश को अपने किये पर अफसोस हो रहा है। इस बात का आभास हमें अपनी दिनचर्या से भलीभांति होने लगा है। 2014 के बाद देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव आये जिसमें अकसर यह देखने को मिला के देश के प्रधानमंत्री एक प्रचारक के रूप में दिखाई दिए। मुझे आपके प्रचार पर कोई आपत्ति नहीं है। मुझे आपत्ति है भारत के प्रधानमंत्री का अपने पद की गरिमा ताख पर रखकर देशभर में घूम-घूमकर हो-हल्ला करने से।

मेरा आग्रह है आपसे कि आप शायद भूल जाते हैं कि आप इस देश के प्रधानमंत्री हैं, ना कि किसी पार्टी विशेष के। आप मंच पर जाते ही भूल जाते हैं कि आप किस पद पर विराजमान हैं। सत्ता में आप हैं ना कि कांग्रेस पार्टी। हर मंच पर कांग्रेस को कोसने से कुछ होने वाला नहीं है। सत्ता के नशे में चूर आप भूल जाते हैं कि आप की भाषा मर्यादित है भी या नहीं।

आप आपनी पार्टी की विचारधारा को लोगों के बीच लेकर जाएं। आप अपनी सरकार द्वारा जनहित में किये कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएं। आपको कोई नहीं रोक रहा परन्तु कीचड़ उछालने वाली राजनीति से परहेज़ करें। हम कांग्रेस के लोग ओछी राजनीति में विश्वास नहीं रखते और हम स्वतंत्र भारत के चुने हुए नुमाईन्दे से भी यही अपेक्षा रखते हैं।

देश का इतिहास गौरवमय है। देश में बहुत से महान प्रधानमंत्री हुए हैं, जिसमें भाजपा के श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी भी थे। किसी ने देश की साख को दागदार नहीं किया। पद की गरमा का पूर्णतः निर्वहन किया। आपसे भी अनुरोध है कि आप प्रधानमंत्री हैं और जब तक आप उस कुर्सी पर हैं उसका सम्मान करें।

देश की जनता से किए वादों को पूरा करने का काम करें, चुनाव तो आते जाते रहते हैं। देश आर्थिक मंदी की दलदल में धंस गया है। नौजवान बेरोज़गार हो गया है। व्यापारी सड़कों पर हैं। किसान फांसी लगाकर मर रहा है। देश की आंतरिक सद्भावना खतरे में है और आप विदेश यात्रा पर। सरकार के सभी मंत्री गुजरात में हैं और सरकार भगवान भरोसे है। जनता जवाब मांग रही है।

लिखने वाला,

देश का नागरिक

जसकरन सिंह काहलों

महासचिव, पंजाब युवा कांग्रेस

Exit mobile version