Site icon Youth Ki Awaaz

शायद लाइन क्रॉस करने का ही टैगलाइन है, “बुरा ना मानो, होली है”

बसंत ऋतु शायद ऋतुओं में सबसे सुंदर होती है और यही वो ऋतु है, जो हमें प्रेम भरे रंगों से सराबोर कर देती है। जहां एक ओर टेसू, पलाश और बोगनवेलिया के रूप में रंग बनकर बिखर रहे होते हैं, वहीं दूसरी ओर आम पर मौर बौरा रहा होता है।

होली भेदभाव मिटाने का त्योहार

शायद इन्हीं रंगों का उत्सव है होली। भगवान कृष्ण भी कहते हैं, “मैं ऋतुओं में बसंत हूं।” मतलब सबसे सुंदर ऋतु बसंत को कहा गया है। वहीं, कवियों ने अपनी रचनाओं में होली को जितना महत्व दिया है, उतना शायद ही किसी और त्योहार को मिला होगा।

जहां हम मानते हैं कि होली एक ऐसा त्योहार है जो सबको सराबोर कर देता है। यूं भी ये रंग छोटा-बड़ा, ऊंच-नीच भेदभाव नहीं जानते, अगर जानते होते तब बरसाने की हर देहरी को अबीर अपने रंग में ना रंग पाता। हर शहर, हर गांव या कहें प्रदेश में होली की अपनी ही रीत होती है लेकिन जैसा कि अब ये रीत बड़े-छोटों की मान-मर्यादा से ज़्यादा फूहड़ता की निशानी हो गई है।

लाईन क्रॉस करती एक टैगलाइन

हमने होली को शुरुआत से ही एक टैगलाइन के साथ जिया है और वो है ‘बुरा ना मानो होली है’ और इस टैगलाइन की आड़ में अभद्रता, अश्लीलता सबको जगह मिलती गई। यहां मुद्दा किसी को कटघरे में खड़ा करना नहीं है लेकिन कुछ लोग हैं जो दबी-छुपी भावनाओं के साथ घर की महिलाओं को बुरी नज़र से देखा करते हैं।

फिर चाहे वो घर की भाभियां रही हों या सालियां। कई दफे रिश्ते नाते की बहन-भतीजियां और कई दफे महिला मित्र भी। तब होली के जश्न में ऐसे कुछ लोगों के पास वही टैगलाइन और अधिकार होता है कि वो किसी पर भी बेझिझक रंग डाल सकते हैं।

क्या रंग का नशा अभद्र बनाता है?

अभद्रता! जिसे हम सभ्य भाषा में बैड टच कहना सीख गए हैं और इस बैड टच से लड़कियों का दो-चार होना कुछ नया नहीं है लेकिन सोचकर देखिए! यदि इस सो कॉल्ड समाज में एक लड़की को बहु के तौर पर झेलना पड़े वह भी सबके सामने, तब वो किसी को क्या कह पाएगी?

मुझे एक घटना याद आती है। होली के आस-पास मेरी एक दोस्त के घर कोई प्रोग्राम था। शायद किसी की एनिवर्सरी पार्टी। तब मैं उसके ही शहर में थी। जैसा कि होली आस-पास थी और सभी तरह के रिश्तेदार घर में थे तो उनके घर में ही होली के जश्न की तैयारी की गई। सोचिये एक ऐसा घर जहां पर्दा प्रथा और दबंगई दोनों का परस्पर मेल था।

सबके सामने एक लड़की को गोद में उठा लिया

मतलब जहां महिलाएं बोल नहीं सकतीं थीं और पुरुषों को चुप किया नहीं जा सकता था। मैंने देखा होली की धूम थी। भाई-भाभी, जीजा-साली या कहूं जितने भी रिश्तेदार थे सब, होली के जश्न में मग्न थे और कुछेक ने भांग भी पी रखी थी। मैं चुपचाप एक चेयर पर बैठकर इस जश्न में शामिल थी। हंसते, गाते, झूमते, रंग लगाते सबको देख रही थी।

कुछ लड़कियां नाच रही थीं। बेशक घर की बहू-बेटियां ही होंगी। तभी अचानक एक अधेड़ उम्र के शख्स ने एक नई नवेली दुल्हन सरीखी लड़की को बहुत ही बदतमीज़ी से पकड़ा और उसके गालों पर रंग मल दिया। वो लड़की आगे कुछ समझ पाती इससे पहले ही वो शख्स उस लड़की को गोद में उठाकर नाचने लगा।

सब कहते रहे “नई बहू को नीचे उतारिए’

वो लड़की खुद को उसकी गिरफ्त से छुड़ाने की कोशिश कर रही थी और आस-पास जो लोग थे, वो बड़े संकोची भाव से कह रहे थे “नई बहू को नीचे उतारिए। जीजा जी नई बहू को नीचे उतारिए।” मैं ये सब देख स्तब्ध थी। पहला तो मैंने हमारे घरों में ना ही इतना पर्दा देखा था और ना ही इतनी फूहड़ता।

गाना मुझे याद नहीं लेकिन वो शख्स उस लड़की को लगभग 10 से 15 मिनट तक गोद में उठाए ही नाचता रहा। वहां ऐसा कोई भी नहीं था जो उस शख्स का हाथ पकड़कर उसे दो थप्पड़ जड़ पाता या कह पाता कि ये क्या बदतमीज़ी है? बस सब एक असहज और अजीब भाव से एक दूसरे को देख रहे थे और ये जताना चाह रहे थे कि वहां सब कुछ सहज है।

क्या इतना सहज है बुरा ना मानना ?

फिर धीरे से संगीत भी बंद हो गया और नाच-गाना भी। बाद में सब कानाफूसी करते रहे और कुछ लोगों ने माहौल को सहज़ करते हुए कहा “थोड़ी चढ़ गई होगी, वैसे तो वो बहुत अच्छे आदमी हैं। उन्हें पहले हमने कभी ऐसा करते नहीं देखा।” वहीं किसी ने यह भी कहा “क्या ज़रूरत थी इन लड़कियों को यहां इकट्ठा होने की? देखो हो गया ना तमाशा।”

वहीं एक महिला ने बड़े ही सभ्य ढंग से मुस्कुराकर कहा “बुरा ना मानो बिटिया होली है।” हरकत उस आदमी ने की थी लेकिन शर्मिंदा थी सिर्फ वो लड़की। वो किसी से नज़र नहीं मिला पा रही थी। शायद खुद से ज़्यादा वो उन अपनों पर शर्मिंदा रही होगी जिनकी इतनी हिम्मत नहीं हुई की उस शख्स को रोक पाए। फिर वो लड़की मुझे कहीं नज़र नहीं आई।

ये घटना मुझे यूं ही याद आ गई मगर देखिए ना हमारा सो कॉल्ड समाज जहां एक तरफ लड़की से ही अपनी इज्ज़त आंकता है। मतलब हम एक समाज के तौर पर ऐसा कहने से नहीं चूकते लेकिन वहां क्या इतना सहज़ है, किसी की इज्ज़त को गोद में लेकर नाचना?

रंग और भंग के बहाने क्या किसी को ऐसे छूना सही है?

सोचिये जब परिचितों के बीच कोई कुछ नहीं कह रहा था तब कहीं अपरिचित लोगों के बीच क्या कुछ घटित किया जा सकता होगा? लड़कियों को भीड़, बस, ट्रेन और अंधेरे की आड़ में छू लेना, उन्हें असहज कर देना बहुत आसान है फिर होली तो त्योहार ही छूने, रंग लगाने का है।

पहले तो ऐसी किसी घटना पर, वो बोलने की हिम्मत जुटा नहीं पाती और जो बोलना जानती हैं, वो जब तक समझती हैं कि कोई उनसे अभद्रता कर रहा है तब तक वो शख्स भीड़, अंधेरे, बस और ट्रेन की तरह ही घर के रिश्ते-नातेदारों में कहीं खो चुका होता है।

लोगों को इनसब चीज़ों के बारे में सिखाया जाना ज़रूरी

होली के नाम पर रंग लगाने के बहाने किसी को, कहीं भी छू लेना सहज है और घर की चारदीवारी में तो और भी आसान। क्योंकि वहां कोई आपत्ति दर्ज कराने नहीं आएगा।

देवर-भाभी, जीजा-साली का ही तो हक है ये है ना! लेकिन इन रंगों की आड़ में बहुत कुछ घटता जाता है जिसे कोई देखना नहीं चाहता। ये सब होली की वजह से नहीं बल्कि हमारे समाज ने जो लड़कियों को चुप रहने का अभिनय कुशलता से जो सिखाया है उसकी वजह से सब सहज हो जाता है।

मैं समझती हूं ऐसी किसी भी घटना पर हमारी पहली प्रतिक्रिया उस लड़की पर ही होती है ना कि अभद्रता करने वाले पर।

जब तक एक लड़की को दोयम दर्जे पर रखा जाएगा और सभ्य लोगों से भरे इस असभ्य समाज को ये नहीं सिखाया जाएगा, कि उनके साथ कैसे एक स्वस्थ्य मानसिकता के साथ बर्ताव करना है तब तक ऐसी घटनाएं घटती रहेंगी और हम मूक दर्शक बनकर सब सहते रहेंगे।

 

Exit mobile version