Site icon Youth Ki Awaaz

खेतों में अच्छी फसल की कामना के लिए आदिवासियों का त्योहार “अक्ति”

त्योहार हमारे सांस्कृतिक जीवन का आंतरिक हिस्सा रहा है। हमारे समाज में त्योहारों को महत्वपूर्ण वार्षिक आयोजनों और मौसमों से जोड़ा जाता हैI भारत के त्योहार विश्व भर में विख्यात हैं, जैसे दशहरा, दीपावली, ईद इत्यादि। इनके अलावा भी भारत के छोटे-छोटे गाँव और कस्बों में विभिन्न स्थानीय त्यौहार मनाए जाते हैं।

अच्छी फसल की कामना के लिए मनाया जाने वाला त्योहार

ऐसा ही एक महत्वपूर्ण त्योहार है छत्तीसगढ़ का ‘अक्ती’ जो खेतों में बीज बुवाई से पहले मनाया जाता है। इस त्योहार को अलग-अलग गाँवों में अलग-अलग तरीके से मनाया जाता है। किसी गाँव में इसे गर्मी के दिनों में मनाया जाता है, और कहीं इसे बारिश के मौसम में मनाया जाता है। हालांकि, इस त्योहार के समय और रीति-रिवाजों के विभिन्न रूप हो सकते हैं, लेकिन उन सभी गाँवों में यह त्योहार मानने की भावनाएं एक सामान हैं।

गाँव वाले इस त्योहार के माध्यम से प्रार्थना करते हैं कि उनकी फसल अच्छी हो। “अक्ति त्योहार” का मतलब होता है साल का प्रथम बड़ा त्योहार। यह खेतों में फसल उगाने वाले किसान से जुड़ा हुआ है और आषाड़ लगने से पहले मनाया जाता है। इस त्योहार को मनाए बिना लोग नए साल का कोई भी कृषि संबंधी कार्य नहीं करते हैं।

देवी-देवताओं की पूजा करने के बाद ही खेती शुरू होती है

इस त्योहार में गाँव के स्थानीय देवी-देवता की पूजा की जाती है। इन देवी- देवताओं के नाम हैं ठाकुर देव, बूढ़ी माई मरही माता, रक्षा देव, इत्यादि। विभिन्न गाँवों में अलग-अलग नामों से देवी-देवताओं को जाना जाता है। इन देवी देवताओं की पूजा करने के बाद ही गाँव वाले अपने खेतों में साल का पहला हल चलाते हैं।

सावन सिंह बैगा बताते हैं कि इस त्योहार को उनके पूर्वज सदियों से मनाते चले आ रहे हैं। आदिवासी इलाकों में लोगों और खेतों के बीच घनिष्ठ संबंध है। इस त्योहार के द्वारा भूमि को माता के रूप में पूजा जाता है। गाँव के देवी-देवताओं की पूजा आवश्यक है, क्योंकि देवी-देवता ही लोगों की रक्षा करते हैं।

अक्ति त्योहार मनाने के लिए गाँव के बैगा द्वारा गाँव के लोगों को मुनादी कर बुलाया जाता है। सभी गाँव वालों को इस त्योहार में शामिल होने के लिए बुलाया जाता है। पूरा गाँव मिलकर यह निर्णय लेता है कि यह किस दिन को मनाया जाए ताकि फसल बोने में कोई दिक्कत न हो। त्योहार की तारीख तय होने के बाद, यह जानकारी ग्रामीणों में फैला दी जाती है ताकि सब गाँव वाले इसकी तैयारी कर सकें। गाँव के निवासियों को त्योहार से एक दिन पहले पानी भरने के लिए कहा जाता है ताकि अगले दिन पानी की कमी न हो।

क्या है अक्ति को मनाने की विधि?

“अक्ति” का प्रारम्भ एक महुआ के पेड़ के नीचे ठाकुर देव की पूजा से किया जाता है। इस पूजा में काली मुर्गी, नारियल, धूप, अगरबत्ती की ज़रूरत पड़ती है, जो गाँव के बैगा द्वारा व्यवस्थित किया जाता है। गाँव के लोग अपने साथ बांस की बनी हुई टोकरी में थोड़ा सा धान, गोबर का लेप लगा हुआ दूबी का पौधा, और नारियल लेकर आते हैं। सभी लोग पूजा करते हैं।

पूजा के दौरान गाँव के कुंवारे लड़कों द्वारा “हल चलाने” की रीति का पालन किया जाता है। इस रीति में युवा लड़के “हल जोतने” के बहाने महुआ के पेड़ के चारों ओर एक साधारण लकड़ी का उपयोग करते हुए “जुताई” करते हैं।

अगले अनुष्ठान में नारियल और मुर्गी की पूजा अर्चना की जाती है और मुर्गी की बलि दी जाती है। मुर्गी की बलि देने के बाद उसको एक पानी से भरे मटके में रखा जाता है। इस मटके को तीन-चार व्यक्ति एक तख्ते पर लटकाकर अपने कंधे के सहारे गाँव के घर-घर लेकर जाते हैं। घरों में जाकर आम के पत्तों द्वारा थोड़ा-थोड़ा पानी वितरण करते हैं। घर के सदस्य इस पानी को किसी भी पात्र में ग्रहण कर सकते हैं।

उसके बाद पानी को छत पर फेंक दिया जाता हैं। इसके पीछे अर्थ यह है कि इस पानी की तरह इस बरस भी वर्षा अधिक हो और खेतों में धान की फसल अधिक हो। गाँव के लोग पानी लेने के बदले में कुछ ना कुछ दान देते हैं जैसे कि धान, चावल, या पैसा। इसके साथ-साथ बूढ़ी माई, और जितने भी देवी-देवता हैं, सबकी पूजा की जाती है। इस तरीके से गाँव में अक्ति त्योहार मनाया जाता है। इस विश्वास के साथ कि फसल अच्छी होगी और लोगों को समृद्धि प्राप्त होगी।

यह लेख Adivasi Awaaz प्रोजैक्ट के अंतर्गत लिखा गया है, और इसमें Prayog Samaj Sevi Sanstha और Misereor का सहयोग है।

Exit mobile version