Site icon Youth Ki Awaaz

बीते वर्ष कोरोना और अन्य बीमारियों के चलते बॉलीवुड ने बहुत कुछ खो दिया

बीते वर्ष कोरोना और अन्य बीमारियों के चलते बॉलीवुड ने बहुत कुछ खो दिया

फिल्म जगत के लिए बीता बरस कई नुकसान लेकर आया। कई बेहतरीन कलाकारों को मनोरंजन उद्योग ने हमेशा के लिए खो दिया। महान अदाकार एवं अभिनेता दिलीप कुमार को तो हमने खोया ही साथ-साथ रिंकू सिंह निकुम्भ एवं सिद्धार्थ शुक्ला जैसे उभरते कलाकारों ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया।

1 . दिलीप कुमार

सात जुलाई के दिन भारतीय सिनेमा के अज़ीम फनकार दिलीप कुमार का देहांत हुआ। मुंबई के एक नामचीन अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद 30 जून को हिंदुजा अस्पताल में लाया गया था।

उनके निधन की खबर को परिवार के करीबी फैसल फारूकी ने ट्विटर पर सबसे पहले कन्फर्म किया था। अभिनेता को पूरे राजकीय सम्मान के साथ जुहू कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया। भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता की अंतिम यात्रा में अमिताभ बच्चन जैसे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं ने शिरकत की। शाहरुख खान से लेकर करन जौहर तक फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम चेहरों ने दिलीप साहब के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

2 . सिद्धार्थ शुक्ला

मशहूर मॉडल एवं अभिनेता बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला भी बीते बरस हम सबसे रूठ कर चले गए। यह गुज़रते साल की सबसे अधिक स्तब्ध कर देने वाली खबर थी। इस खबर से पूरा मनोरंजन जगत हैरान था। महज़ 40 साल के सिद्धार्थ शुक्ला ने हृदयाघात के कारण दुनिया को अलविदा कह दिया।

मुंबई के कूपर अस्पताल ने सिद्धार्थ के निधन की पुष्टि की थी। सिद्धार्थ शुक्ला ने टीवी के कई फेमस शोज़ में काम किया था। उन्हें मौजूदा दौर के बेहतरीन टीवी कलाकारों में गिना जाता था। 

सिद्धार्थ शुक्ला के बारे में सुनकर सोशल मीडिया हैरत में था। कई लोगों को तो इस बात पर यकीन ही नहीं हो रहा  था कि अपनी एक्टिंग के ज़रिये लाखों लोगों के दिलों को जीतने वाला कलाकार अब उनके बीच नहीं रहा।

3 . पुनीत राजकुमार

कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार पुनीत राजकुमार भी करोड़ों लोगों को स्तब्ध कर बीते साल चले गए। शुक्रवार 29 अक्टूबर की सुबह कार्डिएक अटैक के बाद उन्हें हॉस्पिटल के आईसीयू में लाया गया था, किंतु इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।

पुनीत कन्‍नड़ फ‍िल्‍म इंडस्‍ट्री के एक बड़े जाने पहचाने नायक थे। पुनीत ने बचपन में ही अपने अभिनय के दम पर नेशनल अवार्ड अपने नाम कर लिया था। आपको 1983 में फ‍िल्‍म भक्‍त प्रह्लाद के लिए कर्नाटक स्‍टेट फ‍िल्‍म अवॉर्ड का श्रेष्ठ बाल कलाकार पुरस्‍कार म‍िला था।

सन 1985 में आई फ‍िल्‍म बेत्‍ताडा हूवू के ल‍िए 33वें नेशनल फ‍िल्‍म अवार्ड में श्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार अपने नाम कर लिया था। पुनीत राजकुमार पहली बार बतौर मुख्य अभिनेता फ‍िल्‍म अप्‍पू में नज़र आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त कामयाब रही। इसके बाद से ही आपको फिल्म सर्कल्स में अप्‍पू के नाम से पुकारा जाने लगा फिर इसके बाद पुनीत ने पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा। उन्होंने लगभग हर साल अपने चाहने वाले फैंस के लिए मेगा फ‍िल्‍में दीं और कन्‍नड़ फ‍िल्‍मों के सबसे मशहूर और महंगे स्‍टार बन गए।

4 . राजीव कपूर

रणधीर कपूर व दिवंगत ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर को भी बीते वर्ष हमने खो दिया। वे 58 साल के थे। राजीव को हार्ट अटैक आया था, जिसके तुरंत बाद उनके बड़े भाई रणधीर कपूर उन्हें अस्पताल ले गए थे।

अभिनेता के निधन की बात की पुष्टि सबसे पहले नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम पर की थी। मीडिया से बात करते हुए रणधीर ने पुष्टि की थी कि राजीव का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुई। राजीव की अंतिम यात्रा में कपूर परिवार के लोग शामिल थे। एक्टर रणबीर कपूर ने अपने चाचा राजीव कपूर को कंधा दिया था।

राजीव कपूर ने 1983 में रिलीज़ हुई एक फिल्म से कैरियर की शुरुआत की थी, लेकिन पहचान 1985 में रिलीज राम तेरी गंगा मैली से मिली। राजीव नाग नागिन और अंगारे जैसी फिल्मों में भी बतौर एक्टर नज़र आए थे। इसके अलावा उन्होंने अक्षय खन्ना और ऐश्वर्या राय स्टारर आ अब लौट चलें का निर्माण किया था। ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनीत प्रेम ग्रंथ में राजीव डायरेक्टर थे। राजीव कपूर ने आर्किटेक्ट आरती सभरवाल से शादी की थी। हालांकि ज़ल्द ही उनका तलाक हो गया था।

5 . श्रवण राठौर

हिंदी सिनेमा के मशहूर संगीतकार श्रवण राठौड़ को कोरोना ने हम सबसे छीन लिया। डायबिटिक होने के साथ-साथ कोरोना से उनके फेफड़े भी संक्रमित हो चुके थे, जिसके कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। दिवंगत श्रवण का इलाज रहेजा अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन के खबर की पुष्टि अस्पताल की ओर से की गई थी।

महाकुंभ से लौटने के बाद से ही श्रवण बीमार चल रहे थे। जाने माने पार्श्व गायक उदित नारायण ने एवम श्रवण के बेटे ने उनके निधन की पुष्टि की थी।

श्रवण किसी पहचान के मोहताज नहीं थे। उनकी और संगीतकार नदीम की जोड़ी ने फिल्मी दुनिया में काफी नाम कमाया। नदीम-श्रवण की जोड़ी काफी हिट थी। 90 के दशक में दोनों ने एक से बढ़कर एक हिट गाने बनाए।

महेश भट्ट की ‘आशिकी’ में दिए गए संगीत ने उन्हें देश के घर-घर में पहुंचा दिया था। नदीम-श्रवण की जोड़ी का संगीत की दुनिया में दबदबा था, अपने साथी नदीम सैफी के साथ श्रवण राठौर ने कई शानदार फिल्मों में संगीत दिया। गुलशन कुमार की हत्या के बाद यह अटूट जोड़ी टूट गई थी।

6 . रिंकू सिंह निकुंभ

अभिनेता आयुष्मान खुराना की को स्टार रिंकू सिंह निकुंभ को कोरोना ने हमसे पिछले वर्ष छीन लिया। निकुंभ की बहन चंदा सिंह निकुंभ ने इस दुखद खबर को शेयर किया था। रिंकू सिंह निकुंभ कोरोना वायरस की चपेट में आ गई थीं, जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था लेकिन उनकी हालत बिगड़ती गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ के अलावा रिंकू ने कई टेलीविजन धारावाहिकों में भी काम किया था। रिंकू सिंह को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता था। टीवी के मशहूर कॉमेडी शो ‘चिड़ियाघर’ से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली रिंकू आखिरी बार अमेजन प्राइम वीडियो की फिल्म ‘हैलो चार्ली’ में नज़र आईं थीं।

7 . बिक्रमजीत कंवरपाल

फिल्मों और टीवी के अभिनेता मेजर बिक्रमजीत कंवरपाल को कोरोना वायरस ने हमसे बीते बरस छीन लिया। आर्मी से रिटायर्ड मेजर बिक्रमजीत केवल 52 साल के थे। कई फिल्मों और टीवी सीरियल्स में नज़र आए थे। दिवंगत अभिनेता को कई किरदारों के लिए याद किया जाएगा।

साल 2003 में कैरियर की शुरुआत करने वाले बिक्रमजीत ने दीया और बाती हम एवं 24 जैसे टीवी सीरियल्स में काम किया था, उन्होंने फिल्मों में भी अपना नाम कमाया था। फिल्म एवम टेलिविजन जगत के कई लोग उनके चले जाने से स्तब्ध हैं।

8 . राज कौशल

अभिनेत्री मंदिरा बेदी के पति राज कौशल भी बीते वर्ष गुज़र गए। 30 जून को दिल का दौरा पड़ने से राज अचानक चल बसे। परिवार के करीबी दोस्त जीतू स्वलानी ने उनके निधन के ख़बर की पुष्टि की थी।

राज कौशल एक एड मेकर एवं फिल्मों के निर्माण से जुड़े थे। उन्होंने प्यार में कभी कभी एवं शादी के लड्डू जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। पत्नी मंदिरा बेदी द्वारा पति का अंतिम संस्कार किया गया था।

9 . अभिलाषा पाटिल

अभिनेत्री अभिलाषा पाटिल को भी हमसे पिछले साल कोरोना ने छीन लिया। अभिलाषा फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में बनारस गईं थी, जब वापस मुंबई अपने घर लौटीं तो कोविड का शिकार हो गईं। उन्हें स्वयं में शुरूआती लक्षण दिखने के बाद उन्होंने अपना टेस्ट करवाया था, उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

वो शुरुआत में अपना इलाज घर पर ही करवा रही थीं, लेकिन सांस लेने में अचानक तकलीफ के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया लेकिन उनकी तबियत बिगड़ती गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। अभिलाषा के निधन से मराठी एवम हिन्दी फिल्म जगत शोक में रहा। अभिलाषा पाटिल मराठी सिनेमा में एक जाना-माना नाम था।

10 . शशिकला

हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री शशिकला का जाना भी पिछले साल की सबसे दुखद खबर थी। साठ-सत्तर दशक की हिट एक्ट्रेस शशिकला ने 100 से अधिक हिन्दी फिल्मों में काम किया था। वो एक मराठी परिवार से ताल्लुक रखती थीं।

शशिकला की ज़िन्दगी उतार-चढ़ावों से भरी रही। उन्होंने शौकत रिजवी की फिल्म जीनत से अपने कैरियर की शुरुआत की थी। आपने बहुत ही छोटी उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। शशिकला को 2007 में भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। फिल्मों में उनके योगदान के लिए वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान भी मिला। इसके अलावा शशिकला को आरती एवम गुमराह नामक फिल्मों के लिए दो फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिले।

11 . यूसुफ हुसैन

वरिष्ठ अभिनेता यूसुफ हुसैन का निधन भी पिछले साल सुर्खियों में रहा। टीवी एवम फिल्म जगत के यूसुफ साहब ने 30 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। युसूफ कोविड-19 से जूझ रहे थे। फिल्म निर्देशक हंसल मेहता ने इस खबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था।

हंसल मेहता ने युसूफ हुसैन को बेहद भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने लिखा वह मेरे ससुर नहीं बल्कि पिता थे। युसूफ हुसैन ने कई फिल्मों में काम किया था। उनके द्वारा निभाए गए जीवंत किरदार हमेशा के लिए याद किए जाएंगे।

12 . ब्रह्मा मिश्रा

ओटीटी अमेजन प्राइम पर मशहूर वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में ललित का किरदार निभाने वाले सक्षम अभिनेता 32 वर्षीय ब्रह्मा मिश्रा का अचानक जाना भी बीते साल की एक दुखद घटना थी। ब्रह्मा मिश्रा का शव मुंबई में उनके फ्लैट के बाथरुम में मिला था। इसके बाद उनके शव को कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

वेब सीरीज में उनके साथ काम करने वाले दिव्येंदु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ब्रह्मा मिश्रा को श्रद्धांजलि देते हुए खबर को शेयर किया था। ब्रह्म मध्य प्रदेश के रायसेन के रहने वाले थे। अभिनेता की मौत ने मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया था। 

साल 2013 में बॉलीवुड से अपनी शुरुआत करने वाले ब्रह्म की आखिरी फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ थी। ब्रह्मा मिश्रा ने अमिताभ बच्चन से लेकर अक्षय कुमार, सलमान सहित कई बड़े सितारों के साथ काम किया था। हालांकि, सही मायनों में वेब सीरीज मिर्जापुर ने उन्हें देश के युवाओं में मशहूर कर दिया था।

13 . अनुपम श्याम

मशहूर टीवी सीरियल ‘मन की आवाज़ प्रतिज्ञा’ में ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता अनुपम श्याम भी बीते बरस दुनिया छोड़ गए। किडनी में तकलीफ के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। अभिनेता के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

एक साल पहले भी लॉकडाउन के वक्त अनुपम श्याम की तबीयत बहुत बिगड़ गई थी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिनेता ने कई लोगों से मदद की गुहार लगाई थी। ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ के दूसरे सीजन से उन्होंने फिर से टीवी की दुनिया में वापसी की थी। 

अनुपम श्याम ने कई फिल्मों में काम किया लेकिन पहचान उन्हें टेलीविजन से ही मिली। लखनऊ के भारतेन्दु नाट्य अकादमी के ग्रेजुएट अनुपम ने थियेटर से शुरुआत की थी। इसके बाद वे देखते-ही-देखते अदाकारी का सपना लिए मुंबई चले आए। तीन दशक के अपने कैरियर में अनुपम श्याम ओझा ने कई फिल्मों एवं टीवी  शोज में कई यादगार रोल किए थे।

Exit mobile version