Site icon Youth Ki Awaaz

“ऐसे कैसे धोखा खा गई पढ़ी लिखी लड़की?”

सेम पैटर्न है भाई, सेम पैटर्न! प्रगतिशील, फेमिनिस्ट, एक्टिविस्ट, लेखक लड़का प्रेम किया, ना-ना शादी के लिए प्रेम किया, जल्द से जल्द शादी की प्लानिंग करके लड़की के पीछे लग गया। मतलब ऐसे वैसे, कैसे कैसे करके लड़की को हासिल किया और फिर शादी!

शादी: हमको तुमसे ही करनी है

शादी! लड़का शादी को उतावला है, हमको शादी करनी है, नहीं तो क्या और लड़कियां नहीं हैं दुनिया में, तुमसे ज़्यादा मुझे किसी ने नहीं समझा ना प्यार किया आज तक, तुम मेरे जीवन की पूंजी हो। ब्याह तुम्हीं से करेंगे मम्मी कसम। तुम्हारे लिए लड़ जाएंगे। बस थोड़ा समय दो बाबू, तुम्हीं एक हो हमारे जीवन में मम्मी कसम, कास्ट को हम नहीं मानते। हमको इससे चिढ़ है, हम समाज को बदलने की सोच रखते हैं।

अम्मा, बहन, घरवालों की ज़िम्मेदारी है मुझपर, हमारी अम्मा को हमसे बहुत उम्मीदें हैं। तुम इस बात को समझो बाबू, शादी तुमसे अभी कर सकते हैं लेकिन पहले कुछ लायक बन जाएं। तुम हमारी हो, तुम पर अधिकार है हमारा।

लड़की पागल है, पीछे पड़ी है

वो लड़की पीछे पड़ी है साइको है, उसका ब्रेकअप हुआ है, तो सपोर्ट कर रहे हैं उसका। रात-दिन बहुत काम रहता है समझा करो बाबू, तुम बेकार शक करती हो, हम तुम्हारे है मेरी जान, बहुत दिमाग क्यों चलाती हो। जितना बता रहा हूं, वही समझो ना। क्या मुझ पर विश्वास नहीं है?

लड़का कहीं ओर उतावला है। ब्लैकमेल कर रही है, पैसा चाहिए इसे। पीछे पड़ी है, जीवन नर्क कर दिया है मतलब गजब जबरदस्ती है, पीछा ही नहीं छोड़ रही, खैर इसका चरित्र ही ऐसा है, हमको बदनाम कर रखा है। हमारी मजबूरी कोई नहीं समझता, हमको कुछ समझ नहीं आ रहा? तुमको सब सच बता दिया है, वो पागल है, हमको पागल कर देगी, हमको बचा लो। हमारी-तुम्हारी कास्ट भी एक है कोई दिक्कत भी नहीं आएगी। लड़का सेलेब्रिटी है, बीजी है, फेसबुक बंद करके ट्विटर पर अपडेट डाल रहा है। लोग वाह-वाही में लगे हैं।

पढ़ी लिखी लड़की धोखा कैसे खा सकती है?

लड़की ट्रॉमा में है, खुद के साथ हुई धोखाधड़ी को समझ ही नहीं पा रही है, उसके साथ हुए छलावे पर वो सदमे में है लेकिन फेसबुकिए उससे सवाल कर रहे हैं। इतने समय तक चुप क्यों थी? खुद की गलती है। लड़का हरीशचंद्र की औलाद है, तू ही पापिन है, तब समझ नहीं आया क्या को अब रो रही है।

पैसा निकलवाना होगा, कैसे धोखा खा गई पढ़ी लिखी है, इतनी समझ नहीं है और अधिकारी बनने चली थी। लड़के से सवाल नहीं होते, लड़का पढ़ा लिखा नहीं था क्या? उसे नहीं पता था वो किसी को शादी के नाम पर धोखा दे रहा है। किसी लड़की को विश्वास में लेकर उसका फायदा उठा रहा है। वो नादान था उसे नहीं पता था कि वो एक साथ कईयों को चला रहा है।

बेचारा था लड़का जो लड़की से आर्थिक मदद ले रहा था। मासूम था जबरन, ब्लैकमेलिंग, सुसाइड की धमकी, पैर पड़ना, माफ़ी मांगना, गिगिड़गिड़ाना ऐसे ही लड़की के साथ और उसके सामने कर लिया करता था। लड़का भोला था उसे नहीं समझ आया कि जिसके साथ वो बिन ब्याहा पति बनकर रह रहा है, अधिकार जता रहा है, वो उसकी कास्ट की नहीं है। लड़का सीधा था लड़की पर सरकारी नौकरी करने का दबाव बनाता था। लड़की चरित्रहीन है, एक के साथ ही सालों बर्बाद कर दिए। लड़का हीरो है, उसके एक समय में कईयों के साथ संबंध रहे हैं लेकिन फिर भी उसे फंसाया जा रहा है।

Exit mobile version