Site icon Youth Ki Awaaz

किसान आंदोलन के समर्थन में रिहाना के बाद ग्रेटा और मीना हैरिस ने भी उठाया मुद्दा

मोदी सरकार द्वारा लाये गए तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर करीब 70 दिनों से कड़ाके की ठंड में लगातार आंदोलन पर बैठे हुए हैं। इस दौरान तकरीबन 150 किसानों की मौत भी हो चुकी है। बावजूद इसके सरकार किसानों की मांगें मानने को तैयार नहीं हुई है।

किसानों की आवाज़ दिल्ली तक न पहुंच सके इसके लिए भी सरकार की ओर से लगातार अवरोध पैदा किये जा रहे हैं। सरकार की ओर से दिल्ली बॉर्डर पर कंटीले तारों और नुकीली कीलों की बैरिकेडिंग की गई है। मगर सरकार की इन तमाम कोशिशों के बाद भी किसानों की आवाज़ दुनियाभर में गूंज रही है।

किसान आंदोलन को मिल रहा इंटरनेशनल सिलिब्रिटीज़ का साथ

किसानों के समर्थन में अब ग्लोबल सेलिब्रिटीज़ ने भी अपनी आवाज़ बुलंद की है। पॉप स्टार रिहाना और ग्रेटा थनबर्ग समेत कई इंटरनेशनल सेलिब्रिटीज़ ने किसानों के समर्थन में ट्वीट किए हैं।

रिहाना ने अपने ट्विटर पर किसान आंदोलन से जुड़ी खबर शेयर करते हुए लिखा कि हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे?

वहीं पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने कहा है कि हम भारत में किसानों के प्रदर्शन में एकजुटता से खड़े हैं।

इसके अलावा अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भतीजी मीना हैरिस भी किसानों के पक्ष में उतर आई हैं। उन्होंने भी सोशल मीडिया के जरिये अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है कि “यह कोई संयोग नहीं कि दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र पर एक महीने पहले हमला किया गया था। अब सबसे अधिक आबादी वाले लोकतंत्र पर हमला हुआ है। यह सब एक दूसरे से जुड़ा हुआ है। भारत में सरकार द्वारा बंद किए गए इंटरनेट और किसान प्रदर्शनकारियों पर की गई हिंसा पर हम सबको अपना गुस्सा जाहिर करना चाहिए।”

https://twitter.com/meenaharris/status/1356747965713371138?s=19

गौरतलब है कि दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा 8 लेयर की सुरक्षा बैरिकेडिंग तैयार की गई है। इसके अलावा सरकार द्वारा 3 फरवरी की शाम तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। गणतंत्र दिवस के बाद दिल्ली पुलिस किसानों के खिलाफ सख्त रवैया अपना रही है, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी निंदा की जा रही है।

सरकार और पुलिस के इसी रवैये से नाराज़ भारत की 9 वर्षीय पर्यावरणविद https://mobile.twitter.com/licypriyak ने कल शाम से मोर्चा खोल दिया। ट्विटर पर लगातार किसानों का समर्थन करने लगीं। जिसका असर यह हुआ कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई बड़े सेलिब्रिटी इस बहस में शामिल हो गए।

हैरानी की बात तो ये है कि ग्लोबल सेलिब्रिटीज़ ने किसानों के समर्थन में तब आवाज़ उठाई है जब भारतीय मीडिया उन्हें सिर्फ बदनाम करने में लगा है। भारतीय मीडिया में कहीं भी किसानों की तकलीफ का कोई ज़िक्र नहीं हो रहा।

ऐसे में इन ग्लोबल सेलिब्रिटीज़ द्वारा किसानों के हक में आवाज़ उठाए जाने की सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही है।

Exit mobile version